News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
Delhi News: राजधानी दिल्ली में धोखाधड़ी और ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के दक्षिण जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो लोगों को चूरन वाले नकली नोटों के साथ चूना लगाते थे। ये लोग खुद को पैसे बदलने वाले बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। फिर उनके असली पैसों को मनोरंजन बैंक के नकली नोटों से बदल देते थे। इस गैंग ने 40 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस ने इस गैंग के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस पाल, निखिल श्रीवास्तव, परवेज अख्तर और असगर खान उर्फ अख्तर खान उर्फ बंटी के रूप में हुई है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 1.25 करोड़ रुपये के नकली नोट, एक कैश काउंटिंग मशीन, एक मोबाइल फोन और 7.5 लाख रुपये कैश बरामद किए हैं। वहीं, 4.5 लाख रुपये बैंक में फ्रीज किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका गैंग लोगों को निशाना बनाता था, जिन्हें बैंक अकाउंट से कैश निकालने होते थे। इस गैंग के लोग ‘लाइनर’ के जरिए ग्राहक से संपर्क करते और फ्लैट में एक नकली सेटअप बनाते थे। कैश गिनने की मशीन, असली नोटों की कुछ गड्डियां और छिपा हुआ कमरा, ये सब कुछ पहले से ही तैयार होता था। लोगों को भरोसा दिलाने के लिए गैंग के लोग असली नोटों की गिनती करते थे, लेकिन बाद में बैग के अंदर ‘मनोरंजन बैंक के चूरन वाले’ नकली नोट भरकर ग्राहक को देते हैं।
पुलिस ने इस गैंग को एक शिकायत मिलने के बाद पकड़ा है। दरअसल, सीआर पार्क थाने में 6 जुलाई को एक पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी कि उसे एक फ्लैट में नकदी देने के बहाने बुलाया गया, जहां 40 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के बाद उसे नकली नोटों से भरा बैग दे दिया गया। शिकायत पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने CCTV फुटेज, बैंक ट्रांजैक्शन, मोबाइल कॉल्स, और गुप्त सूत्रों के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों को 9 जुलाई को सईदुलाजाब इलाके से गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें: हिन्दू लड़कियों को मुस्लिम बनने पर ऐसे मजबूर करता था छांगुर बाबा, पीड़िता ने किया काले कारनामे का पर्दाफाश
पूछताछ में पता चला कि ये गिरोह दिल्ली में कई और ठगी की वारदातों में भी शामिल रहा है। इसमें तुगलकाबाद में 1 करोड़ रुपये की ठगी, छतरपुर में 30 लाख रुपये की ठगी, और तुगलकाबाद में ही 18 लाख रुपये की एक वारदात शामिल है। पुलिस के अनुसार, गैंग के बाकी साथियों की पहचान की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
न्यूज 24 पर पढ़ें दिल्ली, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।