---विज्ञापन---

दिल्ली में अधिकारियों की मीटिंग में शामिल ये शख्स कौन? आतिशी ने उठाए बडे़ सवाल

आप विधायक आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि दिल्ली में सरकार चलाने वाले मनीष गुप्ता हैं। उनके इस दावे के बाद से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार आई है। राजधानी में BJP की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति इन दिनों सुर्खियों में हैं। दरअसल, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके पति राष्ट्रीय राजधानी में सरकार चला रहे हैं। यह दावा विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने किया है, जिसके बाद से नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। आपको बता दें कि आतिशी ने मनीष गुप्ता की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि यह शख्स दिल्ली के अधिकारियों की बैठक ले रहे हैं, वह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति हैं।

आतिशी ने लगाए आरोप

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री ने एक्स पर कुछ फोटो शेयर की, जिसमें उन्होंने लिखा ‘जो व्यक्ति MCD, DJB, PWD और DUSIB के अफसरों की मीटिंग ले रहे हैं, यह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के पति मनीष गुप्ता हैं।’ उन्होंने लिखा कि ‘हम पहले सुनते थे कि अगर गांव में एक महिला सरपंच चुनकर आती थी, तो सारा सरकारी काम उसका पति संभालता था।’ ऐसा कहा जाता था कि गांव की महिलाओं को सरकारी काम संभालना नहीं आता, इसलिए काम ‘सरपंच-पति’ संभालेंगे, लेकिन इस प्रथा का विरोध हुआ, महिला सरपंचों को ट्रेनिंग देने की शुरुआत हुई कि वे अपनी जिम्मेदारी संभाल सकें।

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें: दिल्ली मेयर चुनाव में AAP और BJP में कौन मारेगा बाजी? दावेदारों में सबसे आगे ये नाम

---विज्ञापन---

‘दिल्ली में सीएम के पति चला रहे सरकार’

आतिशी ने आगे लिखा कि देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ होगा कि एक महिला मुख्यमंत्री बनी और सारा सरकारी काम उनके पति संभाल रहे हैं। उन्होंने सवाल करते हुए लिखा कि क्या रेखा गुप्ता जी को सरकारी काम संभालना नहीं आता? क्या इसी वजह से दिल्ली में रोज लंबे-लंबे पॉवर कट हो रहे हैं? क्या रेखा जी से बिजली कंपनियां नहीं संभाली जा रही हैं? क्या इसी वजह से प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ रही है? क्या रेखा जी से शिक्षा विभाग नहीं संभल रहा? उन्होंने आखिर में लिखा कि एक मुख्यमंत्री-पति का सरकार चलाना बेहद खतरनाक है।

कौन हैं मनीष गुप्ता?

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता एक बिजनेसमैन हैं। रेखा गुप्ता के हलफनामे के मुताबिक, उनके पति मनीष गुप्ता पेशे से बिजनेसमैन हैं, जिनकी फर्म का नाम निकुंज एंटरप्राइजेज है। इसके अलावा, मनीष कोटक लाइफ इंश्योरेंस में एजेंसी एसोसिएट भी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पास  1.14 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 30 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। रेखा गुप्ता ने अपनी कामयाबी के लिए अपने पति को ही श्रेय दिया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके पति ने इस पूरी राजनीतिक यात्रा में उनका बहुत साथ दिया है।

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें: दिल्ली में अंबेडकर जयंती पर मैराथन का आयोजन, कहां-कहां रहेगी छुट्टी, जारी हुआ नोटिफिकेशन

First published on: Apr 13, 2025 11:06 AM

End of Article

About the Author

Shabnaz

शबनाज़ खानम एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो वर्तमान में न्यूज़24 में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने इंडिया डेली लाइव, ज़ी न्यूज़ सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में विभिन्न पदों पर ज़िम्मेदारियां निभाई हैं। शबनाज़ ने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। उन्हें डिजिटल और टीवी दोनों में काम करने का 5 साल का अनुभव प्राप्त है और वे अपने संपादन कौशल, बारीक नज़र और विस्तृत कहानी को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने के लिए जानी जाती हैं। काम के अलावा, उन्हें सिनेमा और लाइफस्टाइल पर बातचीत करना बेहद पसंद है, जो उनकी कहानी कहने की गहरी रुचि को दर्शाता है।

Read More
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola