दिल्ली में 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति सुतार की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. शादी के सिर्फ 72 दिन बाद हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. दिल्ली की लोधी कॉलोनी में एक बिल्डिंग से गिरने के बाद आकृति की मौत हो गई थी. आकृति सुतार के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उन्हें अपने पति से लगातार घरेलू हिंसा और दबाव का सामना करना पड़ा था, जबकि पुलिस का कहना है कि उनकी डिजिटल एक्टिविटी से आत्महत्या की मंशा का सबूत मिला है. आकृति ने अपनी मौत से तीन महीने से भी कम समय पहले, 24 अप्रैल 2026 को अरस्तु सिक्का से लव मैरिज की थी. उनके परिवार का आरोप है कि उनके पति अक्सर उनके साथ मारपीट करते थे और शादी के बाद मायके से कुछ ना लाने के लिए उन्हें ताने मारते थे. उन्होंने ये भी दावा किया कि पति उन पर नौकरी छोड़ने के लिए लगातार दबाव डालते थे.
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या के बाद भड़का गुस्सा, आरोपी की भीड़ ने पीट-पीटकर की हत्या
सर्च हिस्ट्री में क्या मिला?
परिवार के मुताबिक, पति के ज़ोर देने पर आकृति ने कुछ दिनों के लिए काम पर जाना बंद कर दिया था. हालांकि, उनका आरोप है कि उस दौरान भी उसके साथ बुरा बर्ताव जारी रहा. उसने 1 जुलाई से दोबारा काम शुरू किया. अपनी मौत वाले दिन, आकृति ऑफिस गई थी और घर लौटने से पहले उसने अपने साथियों के लिए शादी के बाद का एक सेलिब्रेशन भी प्लान किया था. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में घटना से पहले आकृति को अकेले हाउसिंग सोसाइटी में घुसते हुए देखा गया. अधिकारियों को ये भी पता चला कि उसने शनिवार को दोपहर 2:22 बजे गूगल पर सर्च किया था कि क्या दूसरी मंज़िल से गिरने पर मौत हो सकती है. पुलिस ने आगे बताया कि उसकी गूगल सर्च हिस्ट्री से पता चला है कि मई में उसने 'आसानी से कैसे मरें' (how to die easily) के बारे में भी सर्च किया था.
कैसे हुई मौत?
ये घटना शनिवार शाम को हुई, जब आकृति दिल्ली की लोधी कॉलोनी इलाके में NDMC फ्लैट्स, पालिका कुंज की एक इमारत से गिर गई. गंभीर रूप से घायल हालत में मिलने के बाद उन्हें AIIMS अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुष्प विहार की रहने वाली आकृति छतरपुर में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थीं. उनके परिवार के मुताबिक, शनिवार शाम ऑफिस से निकलने के बाद उनकी आकृति से बात हुई थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उनका फ़ोन मिलना बंद हो गया. जब वो उन्हें ढूंढ रहे थे तो लोधी कॉलोनी पुलिस ने उन्हें बताया कि एक सरकारी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स की छत से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई है. आकृति के परिवार ने आरोप लगाया है कि आकृति की हत्या की गई है और उनकी मौत के लिए उनके पति और ससुराल वालों को ज़िम्मेदार ठहराया है. उन्होंने आत्महत्या की संभावना को खारिज करते हुए कहा है कि वो मानसिक रूप से मज़बूत थीं और उनके पास ऐसा कोई कारण नहीं था कि वो इतना बड़ा कदम उठातीं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के उत्पीड़न के आरोपों के साथ-साथ जांच के दौरान मिले डिजिटल सबूतों की भी पड़ताल कर रही है.
ये भी पढ़ें: Agra Husband Murder Case: ‘मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई…’ कोर्ट में फूट-फूटकर रोई रूबी