राजधानी दिल्ली में अब मॉनसून का असर दिखाई दे रहा है. आसमान में काले घने बादल के बीच कुछ जगहों पर झमाझम बारिश देखने को मिल रही है. वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद सहित एनसीआर में भी तेज हवाएं और बारिश देखने को मिल रही है. मौसम विभाग (IMD) ने दोपहर के बाद पूरी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को उमस वाली गर्मी से राहत मिली है.
सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर के आसमान में काले बादलों की आवाजाही देखी जा रही है. तेज हवाएं चलने से तापमान में भी गिरावट आई है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में आज (मंगलवार), 7 जुलाई को तापमान 30-35 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा. बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 जुलाई को दिल्ली में मॉनसून के पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि की थी.
दिल्ली में जारी ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले कुछ घंटों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हवाओं की रफ्तार 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे ज्यादा रह सकती है.
मौसम विभाग ने 7 जुलाई को पूरे दिन भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया था. सुबह से लेकर रात तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी.
राजस्थान, हरियाणा और गुजरात की ओर बढ़ा मॉनसून
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 7 जुलाई को उत्तर अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात के बाकी इलाकों और राजस्थान तथा हरियाणा के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ गया है. मॉनसून के तेजी से आगे बढ़ने से राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में मॉनसून उत्तर अरब सागर के बचे हुए हिस्सों, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में और आगे बढ़ेगा. इसके बाद पूरे देश में मॉनसून एक्टिव हो जाएगा.
यह भी पढ़ें- Aaj Ka Mausam 7 July: 75KM भयंकर स्पीड वाली तूफानी हवाओं की दस्तक, आज 21 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पढ़ें IMD अपडेट
ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में गाड़ियों पर गिरा पेड़
तेज हवाओं के बीच दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में एक बड़ा पेड़ गाड़ियों पर गिर गया है. इस घटना में कम से कम 4-5 गाड़ियों को नुकसान हुआ है. हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन गाड़ियों के मालिकों को बड़ा नुकसान हुआ है.
गुरुग्राम में भी भारी बारिश
गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दी है. गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक से सुभाष चौक की ओर जाने वाली सड़क पर तेज बारिश से गाड़ियों की रफ्तार धीमी हुई है. भारी बारिश से कई जगहों पर पानी भर गया है.