Om Pratap
Read More
---विज्ञापन---
Delhi MCD Door Step Delivery: दिल्ली के लोगों के लिए अहम और जरूरी खबर। अब दिल्ली के लोगों को घर बैठे सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इन सुविधाओं के लिए आपको सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे। दरअसल, दिल्ली नगर निगम में ‘AAP’ सरकार ने ‘डोर स्टेप डिलीवरी’ योजना लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत दिल्ली के लोगों को दर्जनों सुविधाएं मिल सकेंगी।
दिल्ली नगर निगम की मेयर शैली ओबेरॉय के मुताबिक, 23 ऐसी सेवाएं हैं, जिनका लाभ दिल्ली की जनता घर बैठे उठा सकेगी। उन्होंने कहा कि AAP सरकार की ओर से सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक डोर स्टेप डिलीवरी की सुविधाएं दी जाएंगी। कहा जा रहा है कि इसे लेकर नगर निगम सदन में 31 अगस्त को एजेंडा लाया जाएगा।
डोर स्टेप डिलीवरी योजना के तहत दिल्ली के लोग घर बैठे प्रॉपर्टी टैक्स, बर्थ सर्टिफिकेट, डेथ सर्टिफिकेट, हेल्थ ट्रेड लाइसेंस जैसी सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इस लिस्ट में लाइसेंस रिनूअल, नए फैक्ट्री का लाइसेंस, प्रॉपर्टी टैक्स रिटर्न, पार्क बुकिंग, कम्यूनिटी हॉल बुकिंग, पेट (पालतू पशु) लाइसेंस जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
मेयर शैली ओबरॉय के मुताबिक, इस सुविधा का लाभ देने के लिए हर वार्ड में मोबाइल असिस्टेंट को नियुक्त किया जाएगा। इन्हें लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्टफोन, इंटरनेट की सुविधाएं दी जाएंगी, जिससे वो घर-घर जाकर जरूरतमंदों को सेवाएं मुहैया कराएंगे।
मेयर के मुताबिक, इसके लिए एक ऐप भी लॉन्च किया जाएगा। उन्होंने ये भी बताया कि इस सुविधा का दिल्ली नगर निगम पर किसी तरह का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। इसके लिए टोल फ्री नंबर 155305 जारी किया है। दिल्ली के लोग इस नंबर पर कॉल कर अपनी जरूरतों के मुताबिक, लिस्ट में शामिल सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
योजना से जुड़ी सबसे जरूरी बात। अगर कोई पहली बार किसी सेवा का लाभ लेने के लिए मोबाइल असिस्टेंट को फोन करता है, तो उसे पहली बार चार्ज देना होगा। अगर वो किसी दूसरे काम या फिर पहले काम के लिए ही फोन करता है तो उसे कोई चार्ज नहीं देना होगा। डोर स्टेप डिलीवरी योजना का लाभ अक्टूबर से मिलना शुरू हो जाएगा।
न्यूज 24 पर पढ़ें दिल्ली, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।