News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
Man Murder Wife in Prayagraj Maha Kumbh: प्रयागराज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली में रहने वाले एक शख्स ने महाकुंभ में डुबकी लगाने के बहाने अपनी पत्नी को प्रयागराज लेकर गया और बाद में उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी की पहचान 48 वर्षीय अशोक कुमार के रूप में की है। पुलिस को इस हत्या की जानकारी होटल के मैनेजर ने दी, जहां वह शख्स अपनी पत्नी के साथ ठहरा था। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने घर वालों और अपने बच्चे को बताया कि उसकी मां कुंभ मेले में खो गई है। पुलिस ने बाद में आरोपी अशोक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 17 फरवरी को दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी आरोपी पति अशोक अपनी पत्नी मीनाक्षी (40 वर्षीय) को लेकर नई दिल्ली से महाकुंभ के पवित्र संगम में डुबकी लगाने के लिए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंचा था। 18 फरवरी को दोनों ने प्रयागराज के झूंसी पहुंचकर होटल में एक कमरा किराए पर लिया। रात होते ही पति-पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद हुआ। इसके बाद जब मीनाक्षी बाथरूम में गई तो अशोक ने मौके का फायदा उठाते हुए पीछे से उस पर हमला कर दिया और चाकू से उसका गला रेत दिया। फिर उसने खून से लथपथ अपने कपड़े बदले, उनमें हत्या में इस्तेमाल चाकू लपेटा और फिर सभी सबूतों को सावधानीपूर्वक नष्ट कर दिया।
इसके बाद 19 फरवरी को अशोक ने अपने बेटे को फोन कर बताया कि तुम्हारी मां मेले में खो गई है। चिंता जताते हुए उसने अपने बच्चों से कहा कि उसने उसकी बहुत तलाश की लेकिन वह नहीं मिली। अशोक ने इससे पहले अपनी पत्नी के साथ कमरे में बिताए गए समय का एक वीडियो भी सोशल मीडिया एकाउंट पर डाला था, जिसमें दोनों खुश लग रहे थे। इसके बाद अपने और अपनी पत्नी के कुंभ मेला घूमने और स्नान का वीडियो भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया था, साथ ही पुलिस स्टेशन में जाकर पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। ताकि किसी को शक न हो कि मीनाक्षी की हत्या हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, अशोक दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मचारी है। डीसीपी सिटी अभिषेक भारती ने इस मर्डर केस के खुलासे के लिए झूंसी थाने की पुलिस, एसओजी नगर और सर्विलांस सेल नगर की संयुक्त पुलिस टीम को काम पर लगाया। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि अज्ञात महिला (मृतका) अपने पति के साथ 18 फरवरी की रात महाकुम्भ मेला में स्नान करने के लिए नई दिल्ली से प्रयागराज आई थी। दोनों झूंसी के आजाद नकर केवटाना में एक कमरा किराए पर लेकर ठहरे थे। 19 फरवरी की सुबह कमरे के बगल के बाथरूम में महिला की धारदार हथियार से हत्या कर शव को छोड़ कर उसका पति मौके से भाग गया था।
लेकिन, मीनाक्षी के बेटे को अपने पिता की बात पर संदेह होने लगा। इसके बाद मीनाक्षी के बेटे अश्विन ने इसकी पड़ताल शुरू की। 20 फरवरी को वह अपने परिवार और मां की तस्वीर के साथ महाकुंभ में पहुंचा और उसकी तलाश शुरू कर दी। इस बीच पुलिस भी सबूत इकट्ठा कर रही थी। पुलिस ने उस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जहां शव मिला था। सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक रिपोर्ट अशोक के बयानों से मैच नहीं हो रहा था और यही बाद में उसकी गिरफ्तारी की वजह बनी।
डीसीपी अभिषेक भारती ने बताया कि इस संबंध में होटल मैनेजर द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। डीसीपी अभिषेक भारती ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरा की मदद से सबूत इकट्ठा करते हुए अज्ञात मृतका के फोटोग्राफ सोशल मीडिया प्लेटफार्म और समाचार पत्रों में प्रकाशित कराकर शिनाख्त कराई गई। 21 फरवरी को मृत महिला के भाई प्रवेश कुमार और दोनों बेटे अश्वनी और आदर्श झूंसी थाना पहुंचे। इसके बाद उन्हें अज्ञात महिला के शव के बारे में बताया गया। साथ ही मृतका के फोटो और कपड़े दिखाए गए। इसके बाद मृत महिला के भाई ने पुष्टि की वह उसकी बहन है। फिर पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी और मृत महिला के भाई का बयान भी दर्ज किया। डीसीपी अभिषेक भारती ने बताया कि पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का सिर्फ 48 घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि अशोक पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला है और उसके किसी महिला से अवैध संबंध थे। वह पिछले तीन महीनों से अपनी पत्नी मीनाक्षी की हत्या की साजिश रच रहा था। पूछताछ के दौरान अशोक कुमार ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह तीन महीने से अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रच रहा था। अपनी पत्नी को खत्म करने और अपने अवैध संबंध को आगे बढ़ाने के लिए उसने यह बड़ी साजिश रची थी।
न्यूज 24 पर पढ़ें दिल्ली, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।