दिल्ली में शराब के लिए नहीं लगानी पड़ेगी लंबी लाइन, घर बैठे ऐसे कर सकेंगे बुक
दिल्ली में अब DSIIDC के मोबाइल ऐप से शराब की बोतलें पहले से बुक की जा सकती हैं. ग्राहक अपनी पसंद का ब्रांड और बोतल का साइज चुन सकते हैं. हालांकि, होम डिलीवरी नहीं होगी और ऑनलाइन पेमेंट के बाद 48 घंटे के भीतर चुनी गई दुकान से शराब लेनी होगी.
दिल्ली में DSIIDC के मोबाइल ऐप से शराब की पहले से बुकिंग की जा सकती है, लेकिन होम डिलीवरी की सुविधा नहीं मिलेगी. (Image- ANI)
दिल्ली के लोग अब मोबाइल ऐप के जरिए शराब की बोतलें पहले से बुक कर सकेंगे. दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (DSIIDC) ने यह सुविधा शुरू की है. अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी. हालांकि, इस सुविधा के तहत शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी. ग्राहकों को ऑनलाइन बुकिंग और पेमेंट करने के बाद चुनी गई शराब की दुकान से 48 घंटे में अपना ऑर्डर लेना होगा. दिल्ली लिकर बुकिंग ऐप की मदद से ग्राहक उपलब्ध ब्रांड देख सकते हैं. इसके अलावा, वे अपनी पसंद की बोतल का साइज और संख्या चुनकर DSIIDC की किसी दुकान से शराब लेने के लिए बुकिंग कर सकते हैं. DSIIDC राजधानी में 208 शराब की दुकानें चलाता है. फिलहाल ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा केवल इन्हीं दुकानों पर उपलब्ध है.
विज्ञापन
कौन कर सकता है बुक
इस ऐप का इस्तेमाल करने के लिए ग्राहक की उम्र कम से कम 25 साल होनी चाहिए. यह शर्त दिल्ली के आबकारी नियमों के अनुसार रखी गई है. नियमों के मुताबिक, एक व्यक्ति अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर खरीद सकता है. ऑनलाइन बुकिंग और पेमेंट पूरा होने के बाद ग्राहक को एक QR कोड मिलेगा. शराब की दुकान पर इस कोड को स्कैन करके अपना ऑर्डर लिया जा सकेगा. ग्राहकों को बुकिंग के 48 घंटे में शराब लेनी होगी. ग्राहक दुकान से शराब लेने से पहले अपनी बुकिंग रद्द भी कर सकते हैं. हालांकि, एक बार शराब बिक जाने या ग्राहक के उसे ले जाने के बाद उसे वापस करने का ऑप्शन नहीं है.
विज्ञापन
दिल्ली में घर बैठे होगी शराब की ऑनलाइन बुकिंग, DSIIDC ने नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया
◆ शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी और खरीदारों को 48 घंटे के भीतर स्टोर से अपनी बोतलें लेनी होंगी
इस सुविधा का मकसद शराब की दुकानों पर लगने वाली लंबी लाइन को कम करना और पेमेंट काउंटर पर भीड़ को कंट्रोल करना है. इसके जरिए कस्टमर दुकान पर जाने से पहले ही उपलब्ध ब्रांड और उनकी कीमतों की जानकारी देख सकेंगे. इससे कीमतों और बिलिंग में पारदर्शिता बढ़ने की भी उम्मीद है. DSIIDC दिल्ली में शराब की रीटेल बिक्री करने वाली चार सरकारी कंपनियों में से एक है. ये चारों कंपनियां मिलकर राजधानी में 700 से ज्यादा शराब की दुकानें चलाती हैं. हालांकि, ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा फिलहाल केवल DSIIDC के द्वारा चलाई जा रही दुकानों पर ही है.