Delhi Crime: राजधानी दिल्ली में एक महिला ने अपने ही पूर्व लिव इन पार्टनर को मौत के घाट उतार दिया। मामला मुकुंदपुर इलाके का है। हत्या के बाद महिला ने खुद ही पुलिस स्टेशन जाकर सरेंडर कर दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसे अपने बच्चों की सुरक्षा की चिंता थी। इसके चलते ही उसने हत्या को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार महिला ने लिव इन पार्टनर को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। 28 साल की महिला ने पुलिस को बताया कि 28 वर्षीय शाहिद उसका पूर्व लिव इन पार्टनर था। वह शराब के नशे में उसके घर पहुंचा था। उसने शाहिद के सिर पर पत्थर से वार किया। फिर चाकू और हथौड़ा मारकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी उसके साथ गलत हरकतें करता था। जब वह उसका विरोध करती तो मारपीट करता था।
महिला ने बताया कि पति की मौत 2018 में हो गई थी। उसके 3 लड़के और 1 लड़की है। वह 3 साल शाहिद के साथ रिलेशनशिप में रह चुकी थी। लेकिन शाहिद उसके साथ गलत तरीके से पेश आने लगा। उसका व्यवहार बदल गया था। तीन महीने पहले उसने शाहिद से सभी रिश्ते तोड़ लिए थे। शाहिद भी शादीशुदा था। उसका एक बेटा भी है। रिश्ते तोड़ने के बाद भी शाहिद बाज नहीं आया। वह जबरदस्ती उसके घर आने लगा था। वह विरोध करती तो बच्चों को जान से मारने की धमकी देता था। महिला के सरेंडर करने के बाद पुलिस उसके घर पहुंची। जहां घर के अंदर कमरे में शाहिद की बॉडी मिली। कमरे में चारों तरफ खून ही खून बिखरा मिला। पुलिस ने खून से सना पत्थर, चाकू और हथौड़ा भी बरामद कर लिया है।
दिल्ली में पहले भी सामने आया था मामला
दक्षिण पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज में कुछ दिन पहले एक शख्स ने अपनी लिव इन पार्टनर को मौत के घाट उतार दिया था। एक युवती ने पुलिस को जानकारी दी थी कि वह इस इलाके के एक फ्लैट में अपनी मां के साथ रहती थी। 12 अक्टूबर को काम के सिलसिले में बाहर गई थी। अपने भाई के साथ लौटी तो दरवाजा खोलते ही मां को बेहोश पाया था। मां पूरी तरह खून से लथपथ थी। बाद में मां की मौत हो गई। युवती ने अपनी मां के लिव इन पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाया था। जिसके बाद आरोपी तौफीक को पुलिस ने अरेस्ट किया था।