Delhi Election 2025: BJP की संभावित लिस्ट में कौन-कौन? केजरीवाल के खिलाफ किसे मिलेगा मौका?

Delhi Election 2025 BJP Expected Candidates and Seat: दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी ने भी टिकट बंटवारे की तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली की कई सीटों पर बीजेपी के संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आ गए हैं। वहीं अरविंद केजरीवाल को टक्कर देने के लिए बीजेपी पूर्व सांसद को टिकट देने पर विचार कर रही है।

Delhi Assembly Election 2024 PM Modi Amit Shah

Delhi Election 2025 BJP Expected Candidates and Seat: दिल्ली विधानसभा चुनाव बेहद नजदीक है। आम आदमी पार्टी ने पहले ही कई सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। वहीं अब बीजेपी भी लिस्ट जारी करने की तैयारी में जुटी है। सूत्रों की मानें तो बीजेपी कई बड़े चेहरों को दिल्ली विधानसभा चुनाव में मौका दे सकती है। इसी बीच कुछ सीटों पर प्रत्याशियों के संभावित नाम भी सामने आए हैं। वहीं नई दिल्ली की सीट पर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी किसे उतार सकती है? आइए जानते हैं इस रिपोर्ट में…

वीरेंद्र सचदेवा कहां से लड़ेंगे चुनाव?

सूत्रों के अनुसार दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कस्तूरबा गांधी नगर या विश्वास नगर से टिकट की मांग की है। वहीं कैलाश गहलोत बिजवासन से चुनाव लड़ना चाहते हैं। हालांकि बीजेपी उन्हें नजफगढ़ से टिकट देने पर विचार कर रही है। ऐसे में कैलाश गहलोत के टिकट को लेकर पार्टी में पेंच फंसा हुआ है।

पूर्व सीएम के बेटे को मिल सकता है टिकट

रमेश बिधूड़ी के टिकट पर भी कशमकश की स्थिति बनी हुई है। रमेश बिधूड़ी ने कालका विधानसभा सीट से टिकट मांगा है, लेकिन बीजेपी उन्हें तुगलकाबाद से अपना उम्मीदवार बनाना चाहती है। इसके अलावा पूर्व सांसद मीनाक्षी लेखी को ग्रेटर कैलाश, पूर्व सीएम मदन लाल खुराना के बेटे हरीश खुराना को मोतीनगर से टिकट देने की तैयारी कर चल रही है।

कई उम्मीदवारों की सीटें फाइनल नहीं

खबरों की मानें तो दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय मालवीयनगर से चुनाव लड़ना चाहते हैं। वहीं मनजिंदर सिंह सिरसा ने राजौरी गार्डन से टिकट मांगा है। बीजेपी सिटिंग विधायक ओम प्रकाश शर्मा को उनके चुनावी क्षेत्र विश्वासनगर से ही प्रत्याशी घोषित कर सकती है। इसके अलावा विजय गोयल और डॉ हर्षवर्धन भी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जता रहे हैं, लेकिन इनके लिए अभी तक कोई सीट फाइनल नहीं हो सकी है।

पूर्व सांसदों को मिलेगा मौका

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की पहली लिस्ट इसी हफ्ते में जारी हो सकती है। इसमें कुछ पूर्व सांसदों के नाम भी शामिल हो सकते हैं। खबरें तो यहां तक हैं कि बीजेपी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कुछ विधायकों को भी पार्टी में शामिल करके टिकट दे सकती है। हालांकि इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की जा सकती है।

केजरीवाल के खिलाफ किसे उतारेगी BJP?

बता दें कि पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को टक्कर देने के लिए बीजेपी पूर्व सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा को नई दिल्ली विधानसभा सीट से टिकट दे सकती है। वहीं दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी अपना सीएम कैंडिडेट भी उजागर नहीं करेगी। चुनावी नतीजों के बाद ही सीएम के नाम का ऐलान किया जा सकता है।

कब होगा दिल्ली चुनाव का ऐलान?

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर फरवरी 2025 में चुनाव होने हैं। फरवरी में दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले महीने यानी जनवरी 2025 के पहले सप्ताह में दिल्ली चुनाव की तारीखों की घोषणा हो सकती है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ