हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: CJP ProtestGyanesh KumarSIRBigg Boss 20

PM Modi Speech : 'भ्रष्टाचार के हर तार की जांच होगी', दिल्ली के पहले विधानसभा सत्र को लेकर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान

Delhi Election Results 2025 : दिल्ली में भगवा लहराया। बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां उनका भव्य वेलकम किया गया।

विज्ञापन
पीएम मोदी ने पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित।

Delhi Elections Result 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला। बीजेपी ने 45 सीटों पर जीत हासिल कर ली और 3 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आम आदमी पार्टी के खाते में सिर्फ 21 सीटें आईं और एक जीत पर आगे है। भाजपा की जीत से पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का जोश हाई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बीजेपी मुख्यालय पहुंच गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में पार्टी की जीत पर भाजपा मुख्यालय में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के नारे लगाए। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी की जीत के जश्न में शामिल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया। दिल्ली भाजपा के सांसदों ने भी पीएम मोदी का अभिनंदन किया।

भ्रष्टाचार के हर तार की जांच होगी : PM Modi

विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं गारंटी देता हूं कि पहले विधानसभा सत्र में सीएजी रिपोर्ट पेश की जाएगी, जिसने भी लूटा है उसे लौटाना भी पड़ेगा। आपदा वालों ने अपने घोटालों को छिपाने के लिए रोज नई-नई साजिश रची। अब दिल्ली का जनादेश आ गया है। अब भ्रष्टाचार के हर तार की जांच होगी। उन्होंने कहा कि पहली बार दिल्ली NCR के हर प्रदेश में भाजपा का शासन आया है। ये आजादी के बाद पहली बार हुआ है। राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे हर पड़ोसी राज्य में भाजपा की सरकारें हैं। ये बहुत ही सुखद संयोग है।

पीएम मोदी ने अन्ना हजारे का भी किया जिक्र

विज्ञापन

पीएम मोदी ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि ये ‘आप-दा’ के लोग ये कहकर राजनीति में आए थे कि हम राजनीति बदल देंगे, लेकिन ये लोग कट्टर बेईमान निकले। आज मैं अन्ना हजारे का वक्तव्य सुन रहा था। अन्ना हजारे इन लोगों के कुकर्मों का दर्द लंबे समय से झेल रहे हैं। आज उन्हें भी उस दर्द से मुक्ति मिली होगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से जन्मी पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। ये देश की ऐसी पार्टी बन गई जिसके मुख्यमंत्री और मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल चले गए। जो खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट देते थे, वो भ्रष्ट निकले। ये दिल्ली के साथ बहुत बड़ा धोखा था। शराब घोटाले ने दिल्ली को बदनाम कर दिया। स्कूल और अस्पतालों में हुए घोटालों ने गरीब से गरीब को परेशान कर दिया और ऊपर से इनका अहंकार इतना ज्यादा था कि जब दुनिया कोरोना से निपट रही थी, तब ये लोग ‘शीश महल’ बना रहे थे।

बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद क्या बोले प्रधानमंत्री?

विज्ञापन

पीएम ने दिल्ली चुनाव में हुई ऐतिहासिक विजय पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यमुना मैया की जय। उन्होंने कहा कि शॉर्टकट राजनीति का शॉर्ट सर्किट हो गया। आज दिल्ली में लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है। मैंने हर दिल्ली वासी के नाम एक पत्र भेजा था और आप सबने हर परिवार में मेरा ये पत्र पहुंचाया था। मैंने दिल्ली से प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए, दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए।

यह भी पढ़ें : Delhi Elections Result : बीजेपी की इन महिलाओं ने AAP के उम्मीदवारों को दी पटखनी, एक का नाम पहलवान!

विज्ञापन

पीएम मोदी ने कहा कि मैं दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं। मैं दिल्ली वासियों के आभार व्यक्त करता हूं। दिल्ली ने दिल खोलकर हमें प्यार दिया है और मैं दिल्ली वासियों को फिर से एक बार विश्वास दिलाता हूं कि आपके इस प्यार को सवा गुना करके विकास के रूप में हम लौटाएंगे।

दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई : पीएम मोदी

विज्ञापन

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है – आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है। इस नतीजे ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनके परिश्रम को चार चांद लगा दिए हैं। आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं।

राजनीति में शॉर्टकट के लिए कोई जगह नहीं : PM

विज्ञापन

उन्होंने आगे कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। मोदी ने कहा कि तीन-तीन बार लोकसभा में शत-प्रतिशत विजय दिलाने के बाद भी देश भर के और दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में एक टीस थी। ये टीस दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की थी।

मिनी हिंदुस्तान है दिल्ली : प्रधानमंत्री

विज्ञापन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज के नतीजों का एक और पक्ष भी है। हमारा दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, ये दिल्ली मिनी हिंदुस्तान है, ये लघु भारत है। दिल्ली एक भारत-श्रेष्ठ भारत के विचार को जीती है। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है। आज दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा कोई वर्ग नहीं जहां कमल न खिला हो। हर भाषा बोलने वालों ने हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया है।

अयोध्या के मिल्कीपुर में भी बीजेपी को जीत मिली : मोदी

उन्होंने आगे कहा कि मैं तो पूर्वांचल से सांसद हूं। पूर्वांचल से मेरा अपनेपन का रिश्ता है। पूर्वांचल के लोगों ने प्यार और विश्वास की नई ऊर्जा दे दी, नई ताकत दे दी। इसलिए मैं पूर्वांचल के लोगों का पूर्वांचल के एक सांसद के नाते विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं। पीएम मोदी ने मिल्कीपुर उपचुनाव पर कहा कि आज अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भारी संख्या में भाजपा के लिए मतदान किया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं, बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण की पॉलिसी को चुन रहा है।

बीजेपी मुख्यालय में क्या बोले जेपी नड्डा?

जेपी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं पार्टी की ओर से दिल्ली की जनता जनार्दन, जिन्होंने भाजपा को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भरपूर आशीर्वाद दिया है, इसके लिए मैं दिल्ली की जनता का बहुत-बहुत आभार प्रकट करता हूं और धन्यवाद देता हूं। मैं उन तमाम कार्यकर्ताओं को जिन्होंने दिनरात मेहनत की, घर-घर गए, पार्टी के प्रति, प्रधानमंत्री की नीतियों के प्रति जनता के उत्साह को वोट में बदलने में आपने (कार्यकर्ताओं ने) अथक प्रयास किया, मेहनत की ऐसे सभी कार्यकर्ता भाई-बहनों को मैं बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं।

यह भी पढ़ें : Delhi Elections Result : BJP की जीत में RSS का रोल! इस रणनीति ने जिताया दिल्ली का रण

उन्होंने कहा कि इस चुनाव और इससे पहले के लोकसभा चुनाव दोनों ही चुनावों में दिल्ली की जनता ने एक स्पष्ट संदेश दिया है। लोकसभा में आपने 7 की 7 सीटों पर भाजपा को विजयश्री दिलाई और इस विधानसभा चुनाव में आपने 48 सीटों पर विजय दिलाई।

 

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola