Siddharth Sharma
Read More
---विज्ञापन---
Delhi Floods: दिल्ली में यमुना नदी के खतरे के निशान से ऊपर बहने से बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। ऐसे में दिल्ली सरकार लगातार रेस्क्यू और लोगों की मदद के कार्य में जुटी है। इसी बीच मुख्य सचिव नरेश कुमार ने शनिवार को आईएएस और दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप सिविल सेवा (DANICS) अधिकारियों को बचाव में सहायता करने का आदेश जारी किया है।
मुख्य सचिव द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि “दिल्ली में मौजूदा बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्य सचिव नरेश कुमार ने बचाव, राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए आईएएस और दानिक्स अधिकारियों को आदेश जारी किया। यह आदेश सभी 11 जिलों और 33 उप-मंडलों के लिए है।”
मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि आईएएस और दानिक्स अधिकारी सभी प्रकार के बचाव, राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए उन्हें सौंपे गए जिलों और उप मंडलों के जिला मजिस्ट्रेटों और उप मंडल मजिस्ट्रेटों की निगरानी और सहायता करेंगे। जिन अधिकारियों को तैनात किया गया है उच्च अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार समय-समय पर काम करेंगे और जिला प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय के साथ रहेंगे।
इससे पहले शनिवार को सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया था कि “यमुना में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है। अगर दोबारा भारी बारिश नहीं हुई तो स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी। हमने चंद्रावल और वजीराबाद जल उपचार संयंत्रों से पानी निकालना शुरू कर दिया है। इसके बाद मशीनों को सुखाने के लिए रखा जाएगा। दोनों प्लांट कल तक चालू हो जाएंगे”।
लगातार बारिश और हरियाणा में हथनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव और बाढ़ देखी जा रही है। लोग जलजमाव से जूझते नजर आ रहे हैं. यात्रियों को पानी के बीच अपनी मोटरसाइकिलें धकेलते देखा गया।इस बीच, भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को भविष्यवाणी की कि दिल्ली में अगले 4-5 दिनों के दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
न्यूज 24 पर पढ़ें दिल्ली, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।