Auto Taxi Strike: दिल्ली एनसीआर के लोगों के लिए जरूरी खबर है। ऑटो टैक्सी चालक संगठनों ने यहां 2 दिन स्ट्राइक का ऐलान किया है। आज और कल लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसलिए अगर आप घर से निकलते हैं तो गंतव्य तक पहुंचने का इंतजाम कर लें। नहीं तो रास्ते में दिक्कतें उठानी पड़ सकती हैं। आज गुरुवार और शुक्रवार को राजधानी में ऑटो और टैक्सी नहीं चलेंगे। दिल्ली एनसीआर में लगभग 4 लाख ऑटो और टैक्सी के पहिए थमे रहेंगे। रोजाना दिल्ली की सड़कों पर लाखों यात्री ऑटो और टैक्सी के जरिए सफर करते हैं। हड़ताल के कारण ऐप आधारित कैब सेवा भी बाधित रहेगी।
यह भी पढ़ें:शराब के शौकीन पढ़ लें यह खबर, दिल्ली में इस समय के बाद नहीं छलका सकेंगे जाम
टैक्सी चालक सेना यूनियन, राजधानी टूरिस्ट ड्राइवर यूनियन और दिल्ली ऑटो तिपहिया ड्राइवर यूनियन ने हड़ताल का ऐलान किया है। जिस पर दिल्ली-एनसीआर की 15 यूनियनों ने भी सहमति जताई है। दो दिवसीय संयुक्त हड़ताल का कारण क्या है? इसके बारे में आगे जानकारी देते हैं। दिल्ली में रोजाना लगभग एक लाख ऑटो सड़कों पर दौड़ते हैं। वहीं, 3 लाख से अधिक टैक्सियां हैं। एक लाख कैब रोजाना चलती हैं। ये सभी वाहन 22 और 23 अगस्त को सड़कों पर नहीं दिखेंगे। वहीं, ऑटो यूनियन 22 अगस्त को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन भी करेगी।
ऑटो यूनियन ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
ऑल दिल्ली ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट कांग्रेस यूनियन के अध्यक्ष किशन वर्मा ने दिल्ली और केंद्र सरकार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐप आधारित कैब सेवाओं के कारण ऑटो चालकों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। ये कंपनियां ग्राहकों का शोषण भी कर रही हैं। उनसे मोटा कमीशन वसूला जाता है। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की शह पर हजारों अवैध ई-रिक्शा चल रहे हैं। जिसके कारण उनका काम बंद होने के कगार पर है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार इन लोगों की मनमानी को रोक नहीं रही है। इसलिए मजबूरी में उनको स्ट्राइक करनी पड़ रही है। जिससे लोगों को भी परेशानी होगी।