दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कब? सामने आया बड़ा अपडेट

Delhi Election 2025 Date: दिल्ली में चुनाव आयोग जल्द ही चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह खबर सामने आई है। दिल्ली में फरवरी के दूसरे सप्ताह में एक ही चरण में चुनाव हो सकते हैं।

Delhi Election 2025 Date

Delhi Election 2025 Date

Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को राजनीतिक सरगर्मियां जोरों पर है। शुक्रवार को पीएम मोदी ने 4500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने किसी का नाम लिए बिना आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उधर आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल भी लगातार गारंटियों का ऐलान कर रहे हैं। इस बीच खबर है कि केंद्रीय चुनाव आयोग दिल्ली चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। बताया जा रहा है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह में दिल्ली में चुनाव होगा और 15 फरवरी के बाद नतीजों का ऐलान हो सकता है।

सूत्रों की मानें तो इलेक्शन कमीशन 11 से 13 फरवरी के बीच दिल्ली में एक ही चरण में मतदान करा सकता है। केंद्रीय चुनाव आयोग की तैयारी लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। 6 जनवरी तक केंद्रीय चुनाव आयोग नई वोटर लिस्ट भी जारी कर देगा। ऐसे में फरवरी के दूसरे और तीसरे सप्ताह तक नई सरकार के गठन को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है। दिल्ली में वोटर लिस्ट को लेकर पहले ही बीजेपी और आप के बीच जुबानी जंग जारी है।

सभी सीटों पर उम्मीदवार उतार चुकी है आप

आम आदमी पार्टी अब तक दिल्ली में सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। वहीं कांग्रेस अब तक 40 से अधिक सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। इस बीच बीजेपी से भी बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने आलाकमान से कहा है वे सभी 70 सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे।

पिछले चुनाव के नतीजे 

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी 70 में से 62 सीटों पर चुनाव जीतने में सफल रही। वहीं बीजेपी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की। जबकि कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। वहीं हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने सभी 7 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि कांग्रेस और आप ने इस चुनाव में गठबंधन में चुनाव लड़ा था। दोनों ही दलों को सभी 7 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ