जंगपुरा विधानसभा सीट पर AAP रचेगी इतिहास या खुलेगा BJP का खाता, जानें सियासी समीकरण?

Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव का ऐलान हो चुका है। जंगपुरा विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है।

Delhi Assembly Elections 2025

Delhi Assembly Elections: दिल्ली में सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को वोटिंग होगी। 8 फरवरी को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। दिल्ली में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। कांग्रेस भी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। आप अपने विकास कार्यों के सहारे जनता के बीच समर्थन मांग रही है। दिल्ली की जंगपुरा विधानसभा सीट पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस सीट के सियासी समीकरणों के बारे में जानते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

जंगपुरा विधानसभा सीट का निर्वाचन कोड 41 है। इस सीट पर 142634 मतदाता हैं। पुरुषों की संख्या 77244 और महिलाओं की तादाद 65387 है, 3 वोट थर्ड जेंडर्स के हैं। पिछली बार इस सीट से आम आदमी पार्टी के प्रवीण कुमार ने जीत हासिल की थी। आप ने इस बार मौजूदा विधायक के बजाय दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को यहां से टिकट दिया है। सिसोदिया लगातार तीन बार पटपड़गंज सीट से विधायक रहे हैं। सिसोदिया ने वहां से 2013, 2015 और 2020 में जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाई थी। हालांकि 2020 में उनकी जीत का अंतर काफी कम रह गया था।

शराब घोटाले में आरोप लगने के बाद सिसोदिया को जेल जाना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने डिप्टी सीएम के पद से इस्तीफा दे दिया था। बीजेपी ने उनके सामने तरविंदर सिंह मारवाह को चुनाव मैदान में उतारा है। मारवाह जंगपुरा सीट से पहले तीन बार विधायक रह चुके हैं। वे उस दौरान कांग्रेस में थे। बीजेपी ज्वाइन करने के बाद उनको जंगपुरा सीट से टिकट दिया गया है। कांग्रेस पार्टी ने यहां से फरहाद सूरी को मैदान में उतारा है। ऐसे में त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं।

विज्ञापन

बीजेपी को पहली जीत का इंतजार

पिछली बार जंगपुरा में आप के प्रवीण कुमार ने बीजेपी के इमप्रीत सिंह बख्शी को हराया था। प्रवीण कुमार को 45133 वोट मिले थे, जबकि बख्शी को 29070 वोट मिले थे। कांग्रेस के तरविंदर सिंह को 13565 वोट मिले थे। इससे पिछले चुनाव की बात करें तो प्रवीण कुमार ने ही जीत हासिल की थी। उनको 43927 वोट मिले थे। बीजेपी ने यहां से मनिंदर सिंह धीर को मैदान में उतारा था। उनको 23477 वोट मिले थे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी तरविंदर सिंह मारवाह को 22662 वोटों से संतोष करना पड़ा था।

विज्ञापन

जंगपुरा विधानसभा सीट दक्षिण पूर्वी दिल्ली जिले में स्थित है। यह पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट के अंतर्गत आती है। इस सीट में जंगपुरा, जंगपुरा एक्सटेंशन, जंगपुरा A और B क्षेत्र शामिल हैं। जंगपुरा सीट पर बीजेपी अब तक कभी नहीं जीत पाई है। इस सीट को मुस्लिम बहुल माना जाता है। 1993 से 2008 तक यहां लगातार कांग्रेस जीतती रही है। वहीं, 2013 से इस सीट पर आप का कब्जा रहा है। इस सीट पर 16 फीसदी मुस्लिम, 11 फीसदी सिख और 4 फीसदी पूर्वांचल के मतदाता हैं।

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ