Delhi Sultanpuri Accident: हादसे से पहले अंजलि और उसकी दोस्त निधि में हुआ था 'झगड़ा', देखें VIDEO
Edited By Om Pratap

Edited By Om Pratap

Delhi Sultanpuri Accident: दिल्ली सुल्तानपुरी हादसे में एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में अंजलि (मृतका) और उसकी दोस्त निधि को झगड़ा करते हुए देखा जा सकता है। बता दें कि एक जनवरी तड़के सुबह 23 साल की अंजलि की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी थी। इसके बाद दिल्ली में लगभग 12 किमी तक घसीटा गया था जिससे उसकी मौत हो गई थी।
सामने आए नए सीसीटीवी फुटेज में अंजलि और निधि को एक होटल से बाहर आते और फिर किसी बात पर बहस करते हुए देखा जा सकता है। सीसीटीवी फुटेज में अंजलि और निधि होटल से निकलकर उस जगह पर आती दिख रही हैं, जहां उनकी स्कूटी खड़ी थी। फिर किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस होती है। वीडियो में अंजलि (गुलाबी कपड़ों में) निधि (लाल कपड़ों में) में दिख रही है। इस दौरान अंजलि निधि से कुछ छीनने की कोशिश करती दिख रही है।
https://twitter.com/news24tvchannel/status/1610197886201131010
पुलिस को शक है कि दोनों लड़कियों के बीच स्कूटी कौन चलाएगा, इसे लेकर झगड़ा हुआ होगा। इसी दौरान अंजलि अपनी दोस्त निधि से चाभी छीनने की कोशिश कर रही होगी। बता दें कि इससे पहले होटल के बाहर के सीसीटीवी फुटेज सामने आए थे, जिसमें पता चला था कि पीड़िता अकेली नहीं थी और उसके साथ उसकी सहेली भी थी। इसकी पुष्टि दिल्ली स्पेशल सीपी, लॉ एंड ऑर्डर, सहर प्रीत हुड्डा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की है।
https://twitter.com/news24tvchannel/status/1610216950063595520
वीडियो में दिख रहा था कि दोनों लड़कियां स्कूटी पर सवार होकर निकल जाती है। इसी के बाद उनकी स्कूटी को बलेनो कार ने टक्कर मार दी थी। अंजलि को लगभग 12 किलोमीटर तक घसीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसकी दोस्त निधि को मामूली चोट आई थी। टक्कर के बाद निधि अपने घर चली गई थी।
कार में सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और दिल्ली पुलिस आरोपियों के साथ-साथ अन्य गवाहों के बयान लेने की प्रक्रिया में है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उस रात वास्तव में क्या हुआ था। वहीं, दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को अंजलि की दोस्त निधि का बयान दर्ज किया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को होटल में एक रजिस्टर मिला, जिसमें अंजलि और उसकी दोस्त निधि का नाम लिखा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने जांच को और आगे बढ़ाया। सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ कि हादसे के दिन अंजलि अकेली स्कूटी पर नहीं थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अंजलि की दोस्त निधि ने बताया कि वे एक साथ होटल में थे। जब कार की टक्कर हुई तो वह डर गई और इसी वजह से उसने हादसे के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: