पिंक टिकट को लेकर बस कंडक्टर और महिला के बीच बहस का वीडियो वायरल, केजरीवाल ने पीएम से की ये अपील

दिल्ली बसों में फ्री यात्रा के लिए मिलने वाले पिंक टिकट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक महिला और बस कंडक्टर की बहस हो रही थी। इस मुद्दे पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से अपील की है।

Delhi Ex CM Kejriwal Free bus

दिल्ली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला और बस कंडक्टर के बीच पिंक टिकट को लेकर बहस हो रही है। पिंक टिकट मिलने का मतलब है कि महिलाएं बस में मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। पिंक टिकट न मिलने पर महिला और कंडक्टर के बीच बहस हो गई, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो गया। यह वीडियो दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक भी पहुंच गया। केजरीवाल ने इस वीडियो को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है।

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा, जिसमें एक महिला दिल्ली की बस में कंडक्टर से पिंक टिकट मांग रही थी, लेकिन कंडक्टर ने देने से मना कर दिया। प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि कोई सुविधा बंद नहीं होगी, मैं अपील करता हूं कि वे लोगों को नई सुविधाएं दें, न कि मौजूदा सुविधाओं को बंद करें।”

क्या है वीडियो में?

वीडियो में एक महिला बस में पिंक टिकट मांग रही है, लेकिन बस कंडक्टर ने यह कहकर टिकट देने से इनकार कर दिया कि अब यह सुविधा ऑनलाइन हो गई है। कंडक्टर ने महिला से कहा कि वह खुद ऐप डाउनलोड करके टिकट ले सकती हैं। वीडियो में एक व्यक्ति यह भी कहता नजर आ रहा है कि “हमें केवल उन बुजुर्ग महिलाओं को टिकट देने के लिए कहा गया है, जो मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करती हैं।”


इसके बाद बस ड्राइवर और कंडक्टर ने मिलकर महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने अभद्रता का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत करने का फैसला किया। इससे बस काफी देर तक रुकी रही और यात्री परेशान होते रहे। एक अन्य व्यक्ति कह रहा है कि “मैं सुबह से देख रहा हूं, करीब 250 महिलाएं बस में चढ़ीं, लेकिन सभी ने कहा कि उनके पास मोबाइल नहीं है।”

कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह विवाद मोबाइल ऐप के जरिए टिकट लेने को लेकर शुरू हुआ था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फिर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक भी पहुंच गया। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि “लाखों महिलाएं दिल्ली की बसों से सफर करती हैं और नौकरी पर जाती हैं। अगर फ्री बस सेवा बंद हो गई, तो उन्हें काफी परेशानी होगी।”

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ