BRICS समिट के रिहर्सल के कारण ट्रैफिक रूट में बदलाव, दिल्ली के 35 रास्तों पर असर
BRICS Summit 2026 Delhi:दिल्ली में ब्रिक्स समिट 2026 दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने जा रही है, लेकिन इसकी वजह से सड़क से यात्रा करने वालों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में घर से बाहर निकलने से पहले जरूरी तैयारी कर लें.
Delhi Traffic Advisory For BRICS Summit 2026: 1 सितंबर 2026 को नई दिल्ली की कई अहम सड़कों पर ट्रैफिक की आवाजाही पर रोक या नियम लागू रहेंगे, क्योंकि दिल्ली पुलिस ब्रिक्स समिट 2026 से पहले काफिले की पूरी रिहर्सल कर रही है. ये पाबंदियां सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लागू रहेंगी. ये शिखर सम्मलेन 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होना है, जबकि नेताओं की समिट 12 और 13 सितंबर को होगी. ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, रिहर्सल के दौरान 35 से ज्यादा सड़कें और 22 डायवर्जन पॉइंट पर असर हो सकता है.
इन रास्तों से बना लें दूरी
नियमों के दायरे में आने वाले अहम रास्तों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंबा रोड और टॉल्स्टॉय मार्ग शामिल हैं.
विज्ञापन
इन चौराहों पर पाबंदियां
कई अहम चौराहों पर कुछ वक्त के लिए पाबंदियां रहेंगी. कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ से सी-हेक्सागन की तरफ आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा, जबकि पटेल चौक से विंडसर प्लेस और RBI की ओर जाने वाले ट्रैफिक पर रोक रहेगी.
राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल गोलचक्कर पर गाड़ियों को मदर टेरेसा क्रिसेंट और तालकटोरा रोड की ओर जाने की इजाजत नहीं होगी. धौला कुआं फ्लाईओवर से सरदार पटेल मार्ग की ओर जाने वाले ट्रैफिक पर भी पाबंदियां रहेंगी. जिन कमर्शियल गाड़ियों को दिल्ली नहीं जाना है, उन्हें तय समय के दौरान राजधानी में घुसने से रोका जाएगा. कंट्रोल वाले रास्तों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग की इजाजत नहीं होगी.
ऐसे उम्मीद है कि दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य रूप से चलेंगी. पुलिस ने कम्यूटर्स को सलाह दी है कि वो पहले से प्लानिंग करें, जल्दी निकलें और हो सके तो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें. वीआईपी मूवमेंट के दौरान बसों, टैक्सियों और ऑटो-रिक्शा के रास्ते कुछ समय के लिए बदले जा सकते हैं. इमरजेंसी और जरूरी सर्विसेज वाली गाड़ियों को निकलने में प्रायोरिटी दी जाएगी. इस इंटरनेशनल समिट से पहले दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने आपसी तालमेल भी बढ़ाया है, जिसमें बॉर्डर पर चेकिंग, खुफिया जानकारी शेयर करना और इंटर-स्टेट क्राइम के खिलाफ कार्रवाई शामिल है.