दिल्ली में 10 अक्टूबर को इन रास्तों पर जाने से बचें, CJP प्रदर्शन के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी; जानें पूरी डिटेल
CJP प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 10 अक्टूबर के लिए एडवाइजरी जारी की है. कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर रोड और कई प्रमुख चौराहों पर यातायात प्रभावित हो सकता है.
पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा टालने की अपील भी की है. (Photo: PTI)
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. हालांकि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है, लेकिन भारी भीड़ जमा होने की आशंका में शनिवार के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है. साथ ही दिल्ली में रहने वाले और बाहर से आने वाले यात्रियों के कुछ रास्तों से बचने की अपील की गई है. शनिवार सुबह 6 बजे से हालात के अनुसार कई प्रमुख चौराहों, सड़कों और उनके आसपास के हिस्सों पर यातायात डायवर्ट किया जा सकता है.
विज्ञापन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को यात्रा की योजना पहले से बनाने और जरूरी न होने पर घर से निकलने से बचने की सलाह दी है. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है. इनमें शंकर रोड-वंदे मातरम मार्ग टी-प्वाइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान और पंचकुइयां रोड के चौराहे शामिल हैं. मंडी हाउस राउंडअबाउट, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, रामचरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड और दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर भी यातायात व्यवस्था बदली जा सकती है.
In connection with the prevailing law and order situation, traffic diversions and restrictions may be imposed at various locations across Delhi on 10.10.2026 from 06:00 AM, depending on ground conditions.
एडवाइजरी में कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, चेम्सफोर्ड रोड, भारियों रोड, लोधी रोड फ्लाईओवर और नीला गुंबद राउंडअबाउट को भी संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों में शामिल किया गया है. इसके अलावा मदरसा टी-प्वाइंट, सम्राट होटल राउंडअबाउट, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर के आसपास भी यातायात में बदलाव हो सकता है.
विज्ञापन
सर मार्टिन मार्ग टी-प्वाइंट, अशोका रोड-जंतर मंतर रोड, विंडसर पैलेस राउंडअबाउट, टॉलस्टॉय मार्ग-जनपथ क्रॉसिंग और रेल भवन के आसपास भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. जय सिंह रोड-संसद मार्ग क्रॉसिंग, गोल डाकखाना, पटेल चौक, अशोका रोड टी-प्वाइंट और राम मनोहर लोहिया अस्पताल के आसपास के मार्ग भी पुलिस की सूची में शामिल हैं. कनॉट प्लेस-संसद मार्ग टी-प्वाइंट पर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों (ISBT), आईएसबीटी और नई दिल्ली तथा मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है. पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा टालने की अपील भी की है.