त्योहारों के सीजन में हर तरफ रौनक है. दिवाली के मौके पर लोग बाजारों में खरीदारी कर रहे हैं. आज धनतेरस पर सोना-चांदी और बर्तन खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी है. वहीं, कुछ लोग रिश्तेदारों से मिलने और गिफ्ट्स लेने-देने के लिए सफर कर रहे हैं. ऐसे में सड़कों पर ट्रैफिक जाम लगना लाज्मी है. सड़कों पर उमड़ी भीड़ की वजह से शुक्रवार को दिल्ली-NCR में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और बाजारों की ओर जाने वाले रास्तों पर ज्यादा भीड़ की वजह से यातायात ठप हो गया. कई इलाकों में ट्रैफिक इतना ज्यादा था कि वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे और कम दूरी तय करने में भी काफी समय लगा.
सड़कों पर लंबा जाम
गाड़ियों, टू व्हीलर्स, ऑटो रिक्शा और सामान ढोने वाले वाहनों के बीच जगह पाने की होड़ लगी रही. इस दौरान लगातार बजते हॉर्न से शोर भी बढ़ गया. जाम सिर्फ बाजारों तक सीमित नहीं रहा. धनतेरस की खरीदारी, दिवाली की तैयारियों के लिए शहरभर में लोगों की आवाजाही के कारण कई प्रमुख सड़कों, फ्लाईओवर और चौराहों पर भी यातायात प्रभावित हुआ. पीरागढ़ी मार्ग पर, खासकर मधुबन चौक और नेताजी सुभाष प्लेस के बीच भारी जाम लगा. पुराना रोहतक रोड भी जाम से प्रभावित रहा. पटेल नगर से शादीपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर भी यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा.
कहां-कहां ट्रैफिक जाम?
साउथ दिल्ली में AIIMS वाले रूट पर यातायात प्रभावित रहा, जबकि साउथ दिल्ली को एमजी रोड से जोड़ने वाले रास्ते पर भी जाम लग गया. NH-48 और दिल्ली-गुरुग्राम मार्ग पर भी ट्रैफिक ठप रहा और व्यस्त हिस्सों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. आश्रम चौराहे, सावित्री सिनेमा चौराहे और एम्स के आसपास की सड़कों पर भी जाम लगा रहा. इन व्यस्त चौराहों से गुजरने वाले यात्रियों को काफी देरी का सामना करना पड़ा. ITO पर भी भारी यातायात रहा. सेंट्रल दिल्ली में भी यातायात का काफी दबाव रहा. पृथ्वीराज रोड, स्वर्ग राम मार्ग, भारतीय मार्ग, रफी मार्ग, संसद मार्ग, जनपथ रोड, केजी मार्ग, बाराखंभा रोड, पंचकुइयां रोड, मिंटो रोड, तिलक मार्ग और पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर लंबा जाम रहा.
किन रास्तों पर यातायात ठप?
महात्मा गांधी रोड, इंद्रप्रस्थ मार्ग, सुभाष चंद्र बोस मार्ग, आसफ अली रोड, बंगला साहिब रोड, भाई वीर सिंह मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, कनॉट सर्किल, टॉल्स्टॉय रोड, सिकंदरा रोड, मंडी हाउस और कॉपरनिकस मार्ग पर भी यातायात प्रभावित रहा. बारापुला फ्लाईओवर पर भी भारी जाम लगा रहा और वाहन चालकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा. रिंग रोड पर मूलचंद अंडरपास के पास भी यातायात प्रभावित रहा और जाम एम्स तक देखने को मिला. पूर्वी दिल्ली में विकास मार्ग पर पटपड़गंज रोड और निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन मार्ग के चौराहे पर भी भारी जाम लगा रहा. हौज खास लाल बत्ती पर वाहनों की आवाजाही धीमी रही और इसका असर IIT दिल्ली और आरके पुरम मेट्रो स्टेशन तक दिखाई दिया. संसद मार्ग पर भी थाने से पालिका केंद्र तक यातायात प्रभावित रहा.