बिहार में वोटर लिस्ट का चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मचे बवाल और मुख्य चुनाव आयुक्त की बयानबाजी पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है।
मोदी सरकार के यसमैन हैं मुख्य चुनाव आयुक्त
सौरभ भारद्वाज का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त, भाजपा के किसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष की तरह बयानबाजी कर रहे हैं। मोदी सरकार अपने यसमैन को मुख्य चुनाव आयुक्त बना रही है, जो उनके लिए ढोल बजा रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को सुझाव देते हुए कहा कि वह अपने दफ्तर में पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन सेशन की तस्वीर लगाकर सुबह-शाम देखें, ताकि उनके मन का शुद्धिकरण हो सके।
मुख्य चुनाव आयुक्त के बयान की आलोचना
“आप” के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मुख्य चुनाव आयुक्त के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त इस तरह बयानबाजी कर रहे हैं, जैसे भाजपा के किसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हों। मुझे लगता है कि एक बाबू को रिटायरमेंट के बाद केंद्र सरकार जिस तरह मुख्य चुनाव आयुक्त बना रही है, उससे साफ हो जा रहा है कि अपने ‘यस मैन’ को मुख्य चुनाव आयुक्त बना दिया।
गाड़ी, बंगला और रुतबा मिला
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उधर उसकी रिटायरमेंट के बाद उनकी लॉटरी लग गई। उसे गाड़ी, बंगला और रुतबा मिल गया। अब वह सरकार के लिए हर जगह ढोल बजा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त को पूर्व मुख्य चुना आयुक्त टीएन शेषन की तस्वीर अपने दफ्तर में लगा लेनी चाहिए और सुबह-शाम उनकी तस्वीर देखनी चाहिए। मुझे लगता है, इससे उनके विचारों में थोड़ा शुद्धिकरण होगा।