एक्स की शादी में दिया था ‘गिफ्ट बम’, धमाके में दूल्हे और भाई की मौत; आरोपी को मिली उम्रकैद की सजा

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में एक्स की शादी में गिफ्ट के तौर पर होम थिएटर में बम छिपाकर देने वाले 33 वर्षीय सरजू मरकाम को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है. धमाके में दूल्हे हेमेंद्र मेरावी और उसके भाई राजकुमार की मौत हुई थी.

COURT ORDER.jpg

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले की एक अदालत ने शादी में गिफ्ट के नाम पर बम देकर दूल्हे और उसके भाई की हत्या करने के मामले में 33 वर्षीय सरजू मरकाम को उम्रकैद की सजा सुनाई है. अदालत ने उसे हत्या, हत्या के प्रयास और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दोषी ठहराया है. बता दें कि यह सनसनीखेज वारदात अप्रैल 2023 में रेंगाखार थाना क्षेत्र के चमारी गांव में हुई थी.

विज्ञापन

क्या था पूरा मामला?

ये मामला एकतरफा प्रेम और बदले से जुड़ा हुआ था. अभियोजन के मुताबिक, सरजू मरकाम एक युवती से प्यार करता था, लेकिन युवती ने उससे शादी नहीं की और उसकी जगह हेमेंद्र मेरावी से शादी कर ली. 31 मार्च 2023 को हेमेंद्र और युवती की शादी हुई थी. शादी के बाद आरोपी ने कथित तौर पर हेमेंद्र से फोन पर बात भी की थी. बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद उसने बदला लेने की साजिश रची.

विज्ञापन

होम थिएटर में छिपाया था बम

पुलिस जांच में सामने आया था कि आरोपी ने एक होम थिएटर के अंदर विस्फोटक छिपाकर उसे शादी में गिफ्ट के तौर पर पहुंचाया था. यह होम थिएटर मध्य प्रदेश के बालाघाट से खरीदा गया था. अभियोजन (Prosecution) के अनुसार, आरोपी को विस्फोटकों को संभालने का पहले से अनुभव था और उसने बारूद, अमोनियम नाइट्रेट और पेट्रोल का इस्तेमाल कर विस्फोटक बनाया था.

जब गिफ्ट खोला तो हुआ तेज धमाका

3 अप्रैल 2023 को हेमेंद्र और उनके भाई राजकुमार ने जब गिफ्ट में मिले होम थिएटर को बिजली के सॉकेट से जोड़ा, तभी जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट में दोनों की मौत हो गई. घटना में पांच अन्य लोग, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल था, गंभीर रूप से घायल हो गए थे. धमाका इतना तेज था कि मकान की छत और दीवारों को भी नुकसान पहुंचा था.

विज्ञापन

कॉल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज की भी हुई जांच

जांच के दौरान पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान को अहम सबूत बनाया. इनसे आरोपी की गतिविधियों और गिफ्ट पहुंचाने से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने में मदद मिली. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोटरसाइकिल से शादी समारोह में पहुंचा था और गिफ्ट को घर के आंगन में छोड़कर चला गया था.

विज्ञापन

वहीं, अब इस मामले में कबीरधाम के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गितेश कुमार कौशिक ने 14 अगस्त को फैसला सुनाया और सरजू मरकाम को दोषी करार दिया और उसे उम्रकैद की सजा दी है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Versha Singh

Versha Singh

वर्षा स‍िंह News 24 ड‍िजिटल में बतौर सीन‍ियर सब एड‍िटर के पद पर कार्यरत हैं. वर्षा को ड‍िजिटल मीड‍िया में 6 साल से अधि‍क का अनुभव है. राष्‍ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसमाय‍िक व‍िषयों पर वर्षा की अच्‍छी पकड़ है. इसके अलावा राजनीत‍िक, क्राइम और ट्रेंडिंग खबरें भी ल‍िखती हैं. वर्षा ने मास्टर इन न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी की पढ़ाई माखन लाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी, भोपाल से की है और जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री लखनऊ विश्वविद्यालय से प्राप्त की है. वर्षा अपने करियर में Jagran New Media, Asia News International (ANI) और ETV Bharat जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुकी हैं. उन्हें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लेखन और समसामयिक घटनाओं, राजनीति, हाइपरलोकल खबरों और मानवीय रुचि से जुड़ी कहानियों को डिजिटल दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अनुभव है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ