News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 20 अगस्त को सूरजपुर जिले के तिलसिवां में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव कार्यक्रम का वर्चुअल रूप से शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर 211 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही, सूरजपुर के नए बस स्टैंड स्थित अटल परिसर में भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया और किसान मेला सह जैविक मेला का वर्चुअली शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। यह अवसर राज्य की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है। पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास के विभिन्न आयामों को छुआ है और अब नए संकल्पों के साथ प्रदेश को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का समय है। उन्होंने सभी नागरिकों से एकजुट होकर प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के निर्माता स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि ‘उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर यहां के लोगों को नई पहचान दी। अटल जी देश और प्रदेश के युवाओं के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेंगे। सीएम ने उनके राजनीतिक जीवन, काव्य प्रतिभा और राष्ट्रहित में किए गए कार्यों को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।’
उन्होंने कहा कि पिछले 20 महीनों में राज्य सरकार ने ‘मोदी की गारंटी’ के तहत कई जनकल्याणकारी कदम उठाए हैं। इनमें धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता, तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरण पादुका वितरण, किसानों को धान बोनस, 5 लाख 62 हजार भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, श्रद्धालुओं के लिए रामलला दर्शन योजना, बुजुर्गों के लिए 19 तीर्थ स्थलों की यात्रा और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों की स्थापना शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने नक्सल उन्मूलन पर जोर देते हुए कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद को समाप्त करने के प्रयास तेजी से चल रहे हैं। मार्च 2026 तक बस्तर से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। कुख्यात नक्सली बसवराजू का सफाया और बड़ी संख्या में सुरक्षा कैंपों की स्थापना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने वर्चुअल माध्यम से सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण पर सभी को बधाई दी और कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटल जी की देन है। उनकी शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी और विकास को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनहित और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके तहत सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल आपूर्ति और शहरी विकास के क्षेत्र में कई कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने सूरजपुर जिले को 211 करोड़ 33 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 78 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 37 कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिनमें लोक निर्माण विभाग के 4, लोक निर्माण विभाग (सेतु) के 3, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 20, नगरीय निकाय विभाग के 4, आदिवासी विकास विभाग के 3 और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 3 कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही 132 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से होने वाले 55 कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिनमें लोक निर्माण विभाग के 14, लोक निर्माण विभाग (सेतु) के 4, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 22, जल संसाधन विभाग के 7, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 4, पुलिस विभाग का 1 और आदिवासी विकास विभाग के 3 कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने किसान मेला सह जैविक मेला सह प्रदर्शनी और प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। मेले में कृषि यंत्रों, जैविक खाद, कीटनाशक और बीज की नवीनतम किस्मों के साथ-साथ विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई गईं। किसानों को फसल चक्र परिवर्तन, फसल विविधीकरण, जैविक और प्राकृतिक खेती तथा जल संरक्षण जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और ऐसे आयोजन युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्रों को लाभ दिया गया। मछली पालन विभाग से आइस बॉक्स, नाव और जाल, समाज कल्याण विभाग से मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, स्वास्थ्य विभाग से वयवंदन, आयुष्मान और सिकल सेल कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी और चेक, महिला एवं बाल विकास विभाग से एलआईसी बॉण्ड, महिला समूहों को ऋण चेक और बकरी पालन हेतु ऋण, कृषि विभाग से सिंचाई पंप, रामतिल बीज और नलकूप-पंप अनुदान प्रदान किए गए। इसके अलावा, एसईसीएल भटगांव क्षेत्र के 25 हितग्राहियों को रोजगार स्वीकृति आदेश भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष चन्द्रमणी पैकरा, रेखा राजवाड़े, लवकेश पैकरा, सूरजपुर जिले के रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें- Chhattisgarh News: स्टेट कैपिटल रीजन से तेजी से होगा विकास, नागरिक सुविधाओं में आएगा नया आयाम
न्यूज 24 पर पढ़ें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।