क्या रद्द होगी अनंत सिंह की विधायकी? JDU ने स्पीकर से की सिफारिश, पढ़ें इनसाइड स्टोरी

Bihar News: मोकामा के विधायक अनंत सिंह को जनता दल यूनाइटेड ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. पिछले दिनों उन्होंने काफी विवादित बयान दिया था, और पार्टी के उम्मीदवार को भी सपोर्ट नहीं किया, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई, लेकिन क्या उनकी विधायकी छीनी जा सकती है.

Anant Singh PTI

अनंत सिंह (Photo-PTI)

Anant Singh: बिहार की राजनीति में मोकामा के विधायक अनंत सिंह को लेकर जनता दल यूनाइटेड ने कड़ा रुख अपनाया है. पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित करने के साथ ही विधानसभा की सदस्यता खत्म कराने की दिशा में भी कदम बढ़ाया है. जेडीयू ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की है. इससे उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

विज्ञापन

6 साल के लिए पार्टी से निकाले गए

अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई ऐसे वक्त में हुई, जब पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जेडीयू के भीतर मतभेद सामने आ रहे थे. पार्टी नेतृत्व की नाराजगी की बड़ी वजह अनंत सिंह का पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार करना बताया जा रहा है. खबरों के मुताबिक अनंत सिंह को अपना रुख बदलने के लिए संदेश भी दिया गया था, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ. इसके बाद पार्टी ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का फैसला लिया. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी आदेश में विधानसभा अध्यक्ष से उनकी सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा की गई.

विज्ञापन

नीरज कुमार के विरोध से बढ़ा विवाद

अनंत सिंह पर कार्रवाई की प्रमुख वजह पटना स्नातक सीट पर जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करना रही. आरोप है कि उन्होंने जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया, उनके नामांकन के दौरान रोड शो में हिस्सा लिया और चुनाव प्रचार भी किया.

चुनाव के दौरान मोकामा में अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थकों के बीच झड़प की खबरें भी सामने आईं. मतदान खत्म होने से पहले अनंत सिंह ने अपने सरकारी आवास पर नीरज कुमार की हार का दावा किया और जन सुराज के उम्मीदवार की जीत की बात कही. इस दौरान आतिशबाजी किए जाने की भी जानकारी सामने आई.

विज्ञापन

इसके अलावा अनंत सिंह के कुछ बयानों ने भी पार्टी नेतृत्व को असहज किया. नीतीश कुमार को लेकर दिए गए एक विवादित बयान को उन्होंने बाद में वापस ले लिया था. पार्टी के भीतर उनके लगातार विरोधी रुख को अनुशासनहीनता के तौर पर देखा गया.

पार्टी से निकालने की इनसाइड स्टोरी

अनंत सिंह को पार्टी से निकाले जाने में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की भूमिका भी चर्चा में है. मतदान के अगले दिन शनिवार को ललन सिंह ने सीएम नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की. इस दौरान बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे. सूत्रों के मुताबिक इसी बैठक के दौरान अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई पर आखिरी फैसला लिया गया. इसके बाद पार्टी ने उनके निष्कासन का आदेश जारी कर दिया.

विज्ञापन

क्या चली जाएगी विधानसभा की सदस्यता?

जेडीयू ने संविधान की दसवीं अनुसूची का हवाला देते हुए विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की सदस्यता तत्काल रद्द करने की सिफारिश की है. हालांकि सदस्यता समाप्त करने का आखिरी फैसला संबंधित संवैधानिक प्रावधानों और निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिया जाएगा. पार्टी की इस कार्रवाई को नेतृत्व के निर्देशों और संगठनात्मक अनुशासन की अनदेखी के खिलाफ उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है. अब सबकी नजर विधानसभा अध्यक्ष के फैसले और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर रहेगी.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Shariqul Hoda

Shariqul Hoda

न्यूज़ 24 डिजिटल में शारिकुल होदा सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. मुख्य तौर पर वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरें लिखते हैं. शारिकुल ने 2008 में दूरदर्शन में बतौर इंटर्न अपनी शुरुआत की, इसके बाद वह दैनिक जागरण, टीवी टुडे नेटवर्क, जनसंदेश, श्री न्यूज़, भारत खबर, स्पोर्ट्सकीड़ा, WION और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने 3 लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव से लेकर देश की बड़ी घटनाओं को कवर किया है. अपने डेढ़ दशक के मीडिया करियर में शारिकुल ने देश की राजनीति, इंटरनेशनल डिप्लोमेसी, खेलकूद से जुड़ी घटनाओं की अच्छी समझ हासिल की है. कितने साल का तजुर्बा: 16 साल शिक्षा: शारिकुल ने बैंगलोर यूनिवर्सिटी (आचार्य इंस्टीट्यूट) से बीए जर्नलिज्म और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (एपीजे इंस्टीट्यूट) से मास्टर्स इन जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ