Bihar Chunav 2025: '20 बरस से ढो रहा है बिहार...', तेजस्वी यादव ने कार्टून शेयर कर PM मोदी पर साधा निशाना
Author: News24 हिंदी
Jun 04, 2025 01:19 PM IST
Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं और चुनाव आयोग कभी भी इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकता है। ऐसे में सियासी पारा भी चढ़ चुका है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल लगातार एनडीए सरकार पर हमलावर हैं। चाहे जनसभाएं हों या सोशल मीडिया तेजस्वी यादव हर मंच से बिहार की मौजूदा सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे।
तेजस्वी यादव ने शेयर किया कार्टून
इसी क्रम में आज सुबह तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक व्यंग्यात्मक कार्टून साझा किया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लिया है। कार्टून में सीएम नीतीश कुमार और पीएम मोदी की प्रतीकात्मक तस्वीर बनी है। उसको एक आम आदमी ढो रहा है। जिसको लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार पिछले 20 साल से एनडीए की निकम्मी और नाकारा सरकार को ढो रहा है। यह तस्वीर ‘महंगाई, भ्रष्टाचार, ढहते पुल, गरीबी, घूसखोरी, बदहाल शिक्षा, पलायन, बाढ़, सुखाड़, बेरोजगारी’ जैसे कई गंभीर मुद्दों से सनी हुई है।
ये भी पढ़ेंः बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका, इस नेता ने कांग्रेस को किया जॉइन
बिहार 20 बरस से ढो रहा है निकम्मी सरकार
तेजस्वी यादव ने इस पोस्ट के साथ तीखी टिप्पणी करते हुए लिखा, “20 बरस से ढो रहा है बिहार, एनडीए की नाकाम निकम्मी सरकार?” इस पोस्ट के जरिए तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर पिछले दो दशकों में विकास और जनहित के मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाया है। तेजस्वी यादव के इस डिजिटल प्रहार को आगामी चुनाव की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, जहां वह सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं और डिजिटल जनता तक सीधा संदेश पहुंचा रहे हैं। अब देखना होगा कि एनडीए की ओर से इस हमले का क्या जवाब दिया जाता है।
ये भी पढ़ेंः मुजफ्फरपुर दुष्कर्म मामले में नीतीश सरकार का बड़ा एक्शन, 2 अधिकारी सस्पेंड