बिहार में लड़कियों के साथ बदसलूकी के मामले बढ़ते जा रहे हैं. जमुई के बाद समस्तीपुर में नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी हुई है. दोस्त के साथ जगतसिंहपुर बांध पर पहुंची लड़की के साथ मनचलों ने दुर्व्यवहार किया. मनचले लड़कों ने युवक-युवती को पीट-पीटकर भगा दिया. वहीं लड़की के साथ खींचतान और धक्का-मुक्की की. घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे देखते हीं पुलिस हरकत में आई और 6 घंटे के अंदर ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
SP अरविंद प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि की और बताया कि 23 सितंबर की घटना है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है. वीडियो देखते ही मामले में संज्ञान लिया गया. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है. संबंधित थाने को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं. आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी. जमुई में जो हुआ, उसकी पूरे देश में निंदा हुई. प्रदेश की लड़कियों के साथ इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं.
युवकों ने बाल-गर्दन पकड़कर खींचतान भी की
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देख सकते हैं कि एक लड़की अपने दोस्त के साथ जगतसिंहपुर बांध पर पहुंची थी. जैसे ही उन्होंने बाइक पार्क की, कुछ लड़के आ गए, जिन्होंने उन्हें घेर लिया. लड़के सवाल जवाब करने लगे और लड़की के साथ बदसलूकी करने लगे. वे लड़की के बाल और गर्दन पकड़कर धक्का-मुक्की करने लगे. उन्होंने लड़के से भी मारपीट की, लेकिन वह डर के मारे भाग गया. वहीं लड़की मनचलों की हरकतों का विरोध करती रही, लेकिन वे उसके साथ अभद्र भाषा में बदसलूकी करते रहे.
जमुई मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपी
जमुई में भी लड़कों ने एक लड़की के साथ बदसलूकी की थी. SP विश्वजीत दयाल ने बताया कि कोचिंग के बाद 10वीं की छात्रा अपने दोस्त के साथ घूमने गई थी, लेकिन रास्ते में उन्हें लड़कों ने घेर लिया. उन्होंने लड़की को उठाकर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों के बीच-बचाव करने से वह बच गई. मामला पुलिस तक पहुंचा और आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया गया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कि राजनीति गरमा गई. विपक्ष के नेताओं ने घटनाक्रम को लेकर सरकार का घेराव किया.