पथराव, धक्का-मुक्की, गाली-गलौज...पूर्णिया में पुलिस टीम पर हमला; 25 के खिलाफ FIR
बिहार में एक बार फिर से पुलिस टीम पर हमले की खबर सामने आई है। पूर्णिया जिले में वाहन चेकिंग के दौरान कुछ युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
Edited By Pooja Mishra

Edited By Pooja Mishra

बिहार में पिछले कुछ समय से लगातार गोलीबारी, लूट, हत्या और पुलिस पर हमले के मामले देखने को मिल रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण पूर्णिया जिले से सामने आया है। यहां वाहन चेकिंग के दौरान कुछ युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, इन युवकों ने एएसआई के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी हथियार छीनने की कोशिश की। जैसे ही मौके पर बाकी पुलिस फोर्स पहुंची, आरोपी भाग गए। पुलिस ने इस मामले में 1 आरोपी को नामजद करते हुए 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
पुलिस अधीक्षक महोदय, पूर्णियाँ के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज दिनांक 09-04-2025 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन जांच अभियान चलाया गया तथा वाहन/संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गयी l @bihar_police @BiharHomeDept @IPRDBihar pic.twitter.com/FSqzxXGS57
— Purnea Police (@PurneaSp) April 9, 2025
यह मामला पूर्णिया शहर के खीरू चौक के पास का है, जहां वाहन जांच के दौरान कुछ लोगों ने भट्ठा बाजार टीओपी पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और उनका हथियार छीनने की कोशिश की। गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान बिहारी गंज मस्जिद टोला के रहने वाले इस्तियाक अहमद (35) और बनमनखी हनुमान नगर के रहने वाले रीतेश कुमार झा उर्फ सोनू कुमार झा के रूप में हुई है।
इस मामले को लेकर भट्ठा बाजार टीओपी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि भट्ठा बाजार टीओपी में पोस्डेट एएसआई गुड्डू कुमार के द्वारा एसपी कार्तिकेय शर्मा के निर्देशानुसार खीरू चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। वाहन जांच के लिए बाइक सवार दो युवकों को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस के इशारे को देखकर युवकों ने अपनी बाइक रोक दी। इसके बाद दो दर्जन से अधिक लोगों को बुलाकर एएसआई गुड्डू कुमार के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करने लगे। इसके अलावा इन्होंने एएसआई गुड्डू कुमार की कमर से सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही टीओपी प्रभारी राहुल कुमार सहित बाकी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। किसी तरह स्थानीय लोगों की मदद से एएसआई गुड्डू कुमार की जान बचाई गई। राहुल कुमार ने कहा कि पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक नामजद सहित 25 से अधिक लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामला दर्ज होने के बाद नामजद आरोपी मो. इस्तियाक सहित 2 युवकों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। साथ ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: