PM Modi Bihar Visit: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि जब भी पीएम मोदी बिहार आते हैं, वे राज्य को विकास के लिए आर्थिक पैकेज या करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात देते हैं. इस बार भी 15 सितंबर को प्रधानमंत्री पूर्णिया में 40 हजार करोड़ से ज्यादा की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.

पूर्णिया एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ान

डिप्टी सीएम ने कहा कि पीएम मोदी पूर्णिया एयरपोर्ट के अंतरिम टर्मिनल भवन का इनॉग्रेशन करेंगे. इसके जरिए वह सीमांचल की धरती से विकास को उड़ान के लिए तैयार करेंगे. उन्होंने आगे बताया कि पूर्णिया एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ान की शुरुआत भी इसी मौके पर की जाएगी. इससे सीमांचल के लोगों को तेज और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी. सम्राट चौधरी ने आगे कहा- पीएम मोदी ने 2015 में पहली बार बिहार को 1.65 लाख करोड़ का विशेष आर्थिक पैकेज दिया था. वे 50 बार से ज्यादा इस राज्य की यात्रा करने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं.

---विज्ञापन---

नई रेल लाइन का उद्घाटन

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वे भागलपुर में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत एसटीपी और आई एंड डी, पूर्णिया में सेक्स सॉर्टेड सीमेन उत्पादन केंद्र , अररिया से गलगलिया (ठाकुरगंज) तक नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे. पूर्णिया एयरपोर्ट का नया टर्मिनल बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ाएगा. ये राज्य का सबसे बड़ा रनवे वाला एयरपोर्ट है.

---विज्ञापन---

प्रधानमंत्री इस दौरे पर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे. इनमें भागलपुर जिले के पीरपैंती में 3x800 मेगावाट की थर्मल पावर परियोजना शामिल है, जो ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगी. इसके अलावा सुपौल और कटिहार जिलों में आई एंड डी और एसटीपी कार्य की आधारशिला रखी जाएगी. पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए कटिहार, भागलपुर और दरभंगा जिलों में नई पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे.

---विज्ञापन---

होगा गृह प्रवेश

चौधरी ने बताया कि बिहार में रेल संपर्क को मजबूती देने के लिए विक्रमशिला से कटारेह तक नई रेल लाइन बनाई जाएगी. साथ ही बहुप्रतीक्षित कोसी-मेची अंतरदलीय लिंक परियोजना के पहले चरण का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री करेंगे. उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी आवास योजना के तहत 35,000 ग्रामीण और 5,920 शहरी लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराएंगे. बिहार में एनआरएलएम के तहत क्लस्टर लेवल फेडरेशनों को सामुदायिक निवेश फंड का भी वितरण किया जाएगा. इस दौरे पर सीमांचल और आसपास के जिलों को नई रेल सेवाओं की भी सौगात मिलेगी.

---विज्ञापन---

प्रधानमंत्री अररिया-गलगलिया रेलखंड पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके अलावा जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस, सहरसा-छेहरटा (अमृतसर) अमृत भारत एक्सप्रेस और जोगबनी-ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस को भी रवाना करेंगे.

---विज्ञापन---