Bihar Lok Sabha Election (अमिताभ कुमार ओझा) : बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 में कई महिलाएं भी पुरुषों के बीच चुनावी मैदान में ताल ठोंक रही हैं। बिहार में 40 में से 11 सीटें ऐसी हैं, जहां महिलाओं का मुकाबला पुरुष उम्मीदवारों से है। हालांकि, ये कोई आम महिलाएं नहीं हैं, बल्कि उनका संबंध राजनीतिक घरानों से है। कोई एमबीबीएस डिग्री धारी है तो कोई ग्रेजुएट। कोई पति के दम पर राजनीति में है तो कोई पिता की बदौलत। चुनावी मैदान में इन महिलाओं ने अपने सामने के उम्मीदवारों के पसीने छुड़ा दिए हैं।
दो महिलाओं की किस्मत EVM में कैद
लोकसभा चुनाव के मैदान में बिहार में आधी आबादी अपनी हिस्सेदारी के लिए मैदान में उतर चुकी है। बिहार में दो चरणों का मतदान खत्म हो चुका है। राजनीतिक परिवारों से संबंध रखने वाली दो महिला उम्मीदवारों की किस्मत इवीएम में कैद हो चुकी है। ये दोनों महिलाएं राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार हैं। आरजेडी ने सबसे ज्यादा 6 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जिनमें जमुई से अर्चना रविदास और पूर्णिया से बीमा भारती शामिल हैं।
पूर्णिया से चुनावी मैदान में हैं बीमा भारती
जमुई में जहां पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हुआ तो पूर्णिया में दूसरे चरण के दौरान 26 अप्रैल को। इनमें बीमा भारती जहां तीन बार से पूर्णिया की रुपौली विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू की विधायक और एक बार मंत्री भी रहीं। वह वर्तमान में भी विधायक हैं। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद जेडीयू छोड़कर बीमा भारती आरजेडी में शामिल हुईं और आरजेडी ने उन्हें पूर्णिया से अपना उम्मीदवार बनाया। बीमा भारती 10वीं तक पढ़ी हुई हैं। बीमा भारती का मुकाबला निर्दलीय पप्पू यादव और दो बार के सांसद संतोष कुशवाहा से था।
यह भी पढ़ें : समस्तीपुर में मंत्रियों के बच्चे आमने-सामने, चुनावी जंग हुई रोचक, जानें कौन-कौन हैं मैदान में?
जमुई से अर्चना रविदास लड़ रहीं चुनाव
इसी तरह आरजेडी की एक और उम्मीदवार जमुई से अर्चना रविदास हैं। जमुई में 19 अप्रैल को मतदान हो चुका है। अर्चना रविदास का मुकाबला लोजपा उम्मीदवार और चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती से था। अर्चना खुद रविदास समाज से आती हैं और शादी यादव समाज के मुकेश यादव से की हैं। मुकेश यादव आरजेडी के नेता हैं। अर्चना ने तिलका मांझी विवि भागलपुर से रूरल इकोनॉमिक्स से बीए किया है। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं।
लालू की दोनों बेटियों ने ठोंका ताल
आरजेडी की तरफ से सारण और पाटलिपुत्र सीट पर डॉ. रोहिणी आचार्य और डॉ. मीसा भारती को उम्मीदवार के तौर पर उतारा गया है। दोनों आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी हैं। रोहिणी आचार्य और मीसा भारती दोनों ने एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की है, लेकिन उन्होंने प्रैक्टिस नहीं की। रोहिणी आचार्य अपने पति के साथ सिंगापुर में रहती हैं। पिता लालू प्रसाद को किडनी देने के बाद वो सुर्खियों में आई थीं। रोहिणी आचार्य का मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार और सांसद राजीव प्रताप रुढ़ी से है, जबकि मीसा भारती राज्यसभा सांसद हैं और दो बार पहले भी पाटलिपुत्र से चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन दोनों बार हार मिली थी। इस बार भी मीसा भारती का मुकाबला चाचा और वर्तमान सांसद रामकृपाल यादव से है।
बाहुबली की पत्नी हैं अनीता देवी
आरजेडी ने मुंगेर से अनीता देवी और शिवहर से रितु जयसवाल को टिकट दिया है। अनीता देवी बाहुबली अशोक महतो की पत्नी हैं। अशोक महतो 17 साल बाद जेल से जमानत पर रिहा हुआ तो लालू प्रसाद से मिला। लालू प्रसाद के कहने पर अशोक महतो ने शादी रचाई और फिर उनकी पत्नी अनीता देवी को आरजेडी ने मुंगेर से अपना उम्मीदवार बनाया। अनीता देवी का मुकाबला जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह से है। अनीता देवी दिल्ली में रेलवे के हॉस्पिटल में फार्मासिस्ट की नौकरी छोड़कर चुनावी मैदान में उतरी हैं।
आरजेडी ने शिवहर से रितु जयसवाल को दिया टिकट
शिवहर से आरजेडी उम्मीदवार रितु जयसवाल खुद दिल्ली में टीचर थीं। उनके पति अरुण कुमार आईएएस अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने वीआरएस ले लिया। रितु जयसवाल सीतामढ़ी की सिंह वासिनी पंचायत से मुखिया रही थीं। वह विधान परिषद के चुनाव में भी मैदान में उतरी थीं। उनका मुकाबला जेडीयू की उम्मीदवार और पूर्व सांसद लवली आनंद से है।
लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं शांभवी चौधरी
इस चुनाव में आरजेडी ने जहां छह महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है तो एनडीए ने चार। इनमें लोजपा (आर) ने दो और जेडीयू ने दो महिलाओं को टिकट दिया है। लोजपा (आर) ने समस्तीपुर से शांभवी चौधरी को चुनावी मैदान में उतारा है। वह बिहार सरकार में मंत्री अशोक चोधरी की बेटी और पूर्व आईपीएस एवं महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव आचार्य किशोर कुणाल की बहू हैं। शांभवी पहली बार चुनावी मैदान में हैं। वह पटना के ज्ञान निकेतन स्कूल की निदेशक भी हैं। उनके सामने बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता महेश्वर हजारी के बेटे सन्नी हजारी कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं।
यह भी पढ़ें : बिहार की इस सीट पर मुख्यमंत्री बनाम एक्ट्रेस से दिलचस्प हुआ चुनाव, देखें कौन-कौन मैदान में?
वैशाली से ताल ठोंक रहीं वीणा सिंह
चिराग पासवान की लोजपा (आर) की दूसरी महिला उम्मीदवार वैशाली से वर्तमान सांसद वीणा सिंह हैं। वीणा सिंह के पति दिनेश सिंह जेडीयू के एमएलसी हैं। उनका मुकाबला बाहुबली मुन्ना शुक्ला से है। मुन्ना शुक्ला पहले जेडीयू में ही थे, लेकिन अब आरजेडी के उम्मीदवार है।
जेडीयू ने इन दो महिलाओं को दिया टिकट
एनडीए के तहत जेडीयू ने दो महिला उम्मीदवार को उतारा है। पार्टी ने शिवहर से लवली आनंद और सीवान से विजयालक्ष्मी को टिकट दिया है। लवली आनंद शिवहर की पूर्व सांसद रह चुकी हैं। उनके पति बाहुबली आनंद मोहन सांसद रह चुके हैं तो बेटा चेतन आनंद अभी शिवहर से विधायक हैं। उनका मुकाबला आरजेडी की रितु जायसवाल से हैं, जबकि सीवान में विजयालक्ष्मी का मुकाबला पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और सीवान के विधायक अवध बिहारी चौधरी से है। पूर्व सांसद दिवंगत मो. शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब ने भी निर्दलीय ताल ठोंका है।
संबंधित खबरें
यूपी-बिहार से लेकर केरल तक बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में आंधी की चेतावनी
23 hrs agoपटना से लखनऊ आ रही फ्लाइट पर गिरी आकाशीय बिजली, मची चीख पुकार
1 day agoचिराग पासवान के एक और विधायक पर गिरी गाज, ठेकेदार ने लगाया रंगदारी का आरोप
2 days agoसम्राट चौधरी ने ₹122 करोड़ के सासाराम बाईपास का किया लोकार्पण
3 days agoपटना में पुलिस कार्रवाई के डर से पुनपुन नदी में कूदे 60 लोग, 2 की मौत
3 days agoदिल्ली-यूपी, बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम, IMD ने दिया राज्यों का अपडेट
6 days agoबिहार बन सकता है बाढ़ मुक्त राज्य! नितिन गडकरी ने CM सम्राट से मांगी मंजूरी
8 days agoलड़के को पीटा, लड़की से बदसलूकी... बिहार का एक और VIDEO वायरल, 2 अरेस्ट
9 days ago50 लाख के जेवर, एक करोड़ कैश… पटना के अफसर दंपति पर रेड, मिला खजाना
9 days agoबिहार के बेगूसराय में लड़की के साथ होटल में रेप, 2 आरोपी गिरफ्तापर
9 days agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines