सौरव कुमार, पटना: बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बड़बोले जदयू गोपालपुर विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल फिर से एक विवादित बयान देकर चर्चा में आ गए हैं। इस बार उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने जीतन राम मांझी को लेकर विवादित बयान देते हुए कहा कि वह नितीश कुमार से ज्यादा उम्र के हैं और उनकी खोपड़ी ढीली हो गई है।
राजनीतिक क्षेत्र में चलने लायक नहीं
इस दौरान विधायक नरेंद्र कुमार ने कहा कि जीतन राम मांझी का दिमाग खराब हो गया है, उनका दिमाग काम नहीं करता है। उन्होंने आगे कहा कि वे राजनीतिक क्षेत्र में थे लेकिन, अब नहीं है। वह इस क्षेत्र में चलने लायक भी नहीं है, वे सिर्फ इधर-उधर दिखावे के लिए उछल कूद करते रहते हैं। विधायक ने कहा कि जब जीतन राम मांझी मुख्यमंत्री थे तो मैं उनसे मिलने उनके कार्यालय भी नहीं गया था।
अंग्रेजी में समझाते तो, विवाद नहीं होता
वहीं, उन्होंने नीतीश कुमार के दिए गए सेक्स ज्ञान को लेकर कहा कि अगर नितीश कुमार बायोलॉजी की भाषा में या अंग्रेजी में यह सब कुछ समझाते तो, शायद इसे लेकर इतना विवाद नहीं होता। उन्होंने सीधे तौर पर लोगों से जो सारी बातें जनसंख्या रोकने के लिए कही हैं, उसे लोग दूसरे एंगल से देखकर उनकी छवि खराब करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि सीएम नीतीश कुमार को जब भी खाना दिया जाता है तो, उसकी जांच पड़ताल की जाती है और उनके खाने में कोई भी गलत चीज नहीं डाल सकते हैं।
क्या था मामला
गौरतलब है कि कई दिनों से नीतीश कुमार के एक विवादित बयान को लेकर देशभर में उनकी आलोचना हो रही है। नीतीश ने बिहार में जाति आधारित जनगणना की रिपोर्ट पर अपना संबोधन दिया था। इसी दौरान उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण और महिलाओं की पढ़ाई को लेकर कुछ ऐसा कह दिया, जिस पर विवाद छिड़ गया है। नीतीश ने महिलाओं के बीच सेक्स एजुकेशन को लेकर जो बयान दिया था, उसको लेकर काफी विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उन्हें माफी भी मांगनी पड़ी।