रील बनाने का जुनून अब युवाओं की जान पर भारी पड़ता दिख रहा है. ताजा मामला मोकामा के हाथीदह से सामने आया है, जहां राजेंद्र सेतु से गुजर रही ट्रेन से एक युवती गंगा नदी में गिर गई. इस हादसे में युवती को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि समय रहते स्थानीय नाविकों और लोगों की मदद से उसकी जान बच गई.
जानकारी के अनुसार बेगूसराय जिले के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बाघी गांव की रहने वाली साक्षी कुमारी अपने भाई के साथ पटना से परीक्षा देकर ट्रेन से बेगूसराय लौट रही थी. जैसे ही ट्रेन राजेंद्र सेतु पर पहुंची, वह ट्रेन के गेट पर जाकर रील बनाने लगी. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सीधे गंगा नदी में गिर गई.
---विज्ञापन---
घटना के समय वहां मौजूद नाविक, जो रोजाना मछली पकड़ने का काम करते हैं, तुरंत हरकत में आए. वहीं पास में एफ्कोन्स कंपनी द्वारा डबल ट्रैक रेल ब्रिज का निर्माण कार्य भी चल रहा था. नाविकों और कंपनी के कर्मचारियों ने मिलकर युवती को नदी से बाहर निकाला.
---विज्ञापन---
इसके बाद कंपनी की एंबुलेंस से उसे स्थानीय महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल युवती की स्थिति खतरे से बाहर है, हालांकि उसे गंभीर चोटें आई हैं और वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही है.
हाथीदह थाना अध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि युवती रील बनाने के दौरान ट्रेन से गिर गई थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.