News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
काराकाट विधानसभा से चुनावी मैदान में उतरीं निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगा है. इस मामले में ज्योंति सिंह पर मामला दर्ज कराया गया है. मिली जानकारी के अनुसार ज्योति सिहं पर ये प्राथमिकी निर्वाची पदाधिकारी काराकाट सह एसडीएम प्रभात कुमार ने दर्ज कराई है. ये जानकारी एसडीपीओ बिक्रमगंज द्वारा एक प्रेस नोट में दी है.
एसडीएम प्रभात कुमार के अनुसार, भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह मतदान से एक दिन पहले 10 नवंबर की रात बिक्रमगंज के एक होटल में अपने समर्थकों के साथ ठहरी हुई थीं. एसडीएम के नेतृत्व में एक टीम ने होटल पर छापा मारा. निरीक्षण के दौरान ज्योति सिंह और उनके 15-18 समर्थक चुनाव दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हुए पाए गए.
बता दें कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, मतदान से 48 घंटे पहले प्रचार और संबंधित गतिविधियां बंद हो जानी चाहिए. साथ ही, प्रचार अवधि समाप्त होने के बाद बाहरी प्रचारकों को निर्वाचन क्षेत्र में रहने की अनुमति नहीं होती है.
एसडीएम प्रभात कुमार ने बताया कि काराकाट विधानसभा चुनाव प्रचार 9 नवंबर को शाम 5 बजे समाप्त हो गया था. होटल खाली करने के निर्देश के बावजूद, ज्योति सिंह और उनके समर्थक होटल में ही रुके रहे. उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान उनके दो वाहनों के परमिट समाप्त हो चुके थे, जबकि तीसरा वाहन अनधिकृत था.
बता दें कि ज्योति सिंह ने अपने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था. वीडियो में बिक्रमगंज के अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात कुमार से बिना महिला कॉन्स्टेबल के छापेमारी पर सवाल उठा रही थीं. ज्योति सिंह ने आरोप लगाया है कि मुझे राजनीतिक रूप से परेशान करने के लिए प्रशासन द्वारा षड्यंत्र के तहत होटल में बिना किसी महिला फोर्स के छापेमारी की गई. ज्योति सिंह ने आरोप लगाया है कि घंटों उन्हें परेशान किया गया.
मिली जानकारी के अनुसार, होटल के रजिस्टर में भी कमरों में ठहरे कई लोगों के नाम दर्ज नहीं थे. हालांकि, ज्योति सिंह ने आरोप लगाया कि ‘उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है.’
देर रात हुई छापेमारी के पीछे के मकसद पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, ‘उन्होंने मुझे और मेरे परिवार को चार घंटे तक परेशान किया. मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है. यह मुझे निशाना बनाने की साजिश है.’
न्यूज 24 पर पढ़ें बिहार, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।