बिहार चुनाव में कांग्रेस का नया फॉर्मूला, 243 सीटों के लिए नए तरीकों से होगा आवेदन

बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने बड़ा कदम उठाते हुए विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। अब टिकट पाने के लिए सिफारिश नहीं, बल्कि योग्यता चलेगी। सभी 243 सीटों पर उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं, वो भी एक खास QR कोड के जरिए। बिहार के संवाददाता अमिताभ ओझा की रिपोर्ट।

Congress Bihar elections 2025

Congress Bihar elections 2025

बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ तब आया जब कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी रणनीति अपनाई। अब कोई सिफारिश, गुटबाजी या ऊंची पकड़ नहीं चलेगी, क्योंकि कांग्रेस ने टिकट मांगने का नया तरीका शुरू कर दिया है। पार्टी ने राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों से आवेदन मंगवाने के लिए एक खास QR कोड स्कैनर जारी किया है, जिसे स्कैन करके इच्छुक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। यह स्कैनर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने जारी किया है। उनका कहना है कि इस टेक्नोवॉजी के माध्यम से पार्टी सीधे तौर पर उम्मीदवारों से जुड़ पाएगी और निष्पक्ष तरीके से आवेदन लेने की प्रक्रिया पूरी होगी।

243 सीटों पर सशक्त उम्मीदवारों की तलाश में कांग्रेस

प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का सर्वे सभी 243 सीटों के लिए हो चुका है और अब हम मजबूत तथा सशक्त उम्मीदवारों की तलाश में हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को जहां भी सीट मिलेगी, वहां से पार्टी अपने उम्मीदवारों को चुनाव में उतारेगी। इसके अलावा जो भी लोग आवेदन करेंगे, अगर वे इंडिया गठबंधन के किसी उम्मीदवार के समर्थन में होंगे, तो पार्टी उनका सहयोग भी करेगी। यह क्यूआर कोड स्कैनर उम्मीदवारों के चयन में पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय की प्रक्रिया को मजबूत बनाएगा।

उम्मीदवारों के लिए तय किए गए 6 मापदंड

इस आवेदन प्रक्रिया में उम्मीदवारों के लिए कुछ खास मापदंड तय किए गए हैं। कुल 6 प्रमुख मानदंडों के आधार पर आवेदनों की जांच होगी। इनमें सबसे जरूरी यह है कि आवेदक कांग्रेस पार्टी का सदस्य होना चाहिए। इसके अलावा यह भी देखा जाएगा कि वह कितने समय से पार्टी से जुड़ा है, उसने पार्टी के लिए कितना काम किया है। यह प्रक्रिया केवल नए उम्मीदवारों के लिए ही नहीं, बल्कि वर्तमान में सांसद (MP) और विधायक (MLA) पद पर मौजूद नेताओं के लिए भी अनिवार्य है।

कार्यकर्ताओं को मिलेगा मौका

कांग्रेस पार्टी का मानना है कि इस टेक्नोलॉजी प्रक्रिया के जरिए योग्य और जमीनी कार्यकर्ताओं को टिकट देने का मौका मिलेगा। साथ ही इससे गुटबाजी और सिफारिशों का रास्ता बंद होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी बताया कि यह एक नई शुरुआत है, जिससे पार्टी संगठन मजबूत होगा और कार्यकर्ताओं को भी भरोसा मिलेगा कि उनके कार्यों को मान्यता दी जा रही है। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और समय रहते आवेदन करें, ताकि पार्टी सही समय पर उम्मीदवारों की घोषणा कर सके।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ