---विज्ञापन---

बिहार

50 पर FIR, 36 नामजद; थाने पर हमला करने वालों पर बिहार पुलिस का बड़ा एक्शन

बिहार के मुजफ्फरपुर में शराब तस्करों ने जजुआर थाना पर हमला कर दिया। पुलिस पर ईंट-पत्थरों से हमला करने का वीडियो वायरल हो गया। 36 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की गई।

बिहार में लगातार पुलिस पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। अब मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना पर शराब तस्करों और उनके समर्थकों द्वारा हमले की घटना सामने आई है। इस मामले में बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है और 50 अज्ञात समेत 36 नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जजुआर थाने पर हुए इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उपद्रवी थाने के मुख्य द्वार को तोड़ने, पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकने और लाठियों से हमला करने की कोशिश करते दिख रहे हैं। घटना 14 मार्च (शुक्रवार) को हुई थी। होली के दिन जजुआर पुलिस टीम शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गांव में छापेमारी करने गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि जजुआर मध्य पंचायत में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है।

---विज्ञापन---

2 किमी तक पुलिस का किया पीछा

कार्रवाई के दौरान जब पुलिस ने शराब माफिया मनीष कुमार के घर पर छापा मारा तो उसकी परिवार की महिलाएं पुलिस से उलझ गईं और इसी बीच मनीष मौके से फरार हो गया। छापेमारी करने गई जजुआर पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। पुलिस वहां से भागी, तब तस्करों और उनके समर्थकों ने दो किलोमीटर तक पीछा कर थाने पर हमला कर दिया और पत्थरबाजी करने लगे।


पत्थरबाजी और हमलावरों से बचने के लिए पुलिस ने थाने का मेन गेट बंद कर लिया। इसके बाद तस्करों ने गेट तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। इस घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। इस पूरे मामले पर एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि थानेदार हेमंत कुमार के बयान पर जजुआर के शराब तस्कर मनीष कुमार, विनोद राय, रुनमुन देवी उर्फ ओठलाली, उपेंद्र चौधरी, राजीव राय उर्फ जंगलिया, मुकेश राय समेत 36 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 50 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

---विज्ञापन---


यह भी पढ़ें : सोना तस्करी में फंसी रान्या राव के IPS पिता से हुई पूछताछ, दागे गए ये सवाल

बताया गया कि थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों पर ईंट-पत्थर, लाठियों और डंडों से हमला किया गया। पुलिस को भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं और अपशब्दों का प्रयोग किया गया। करीब एक घंटे तक थाने में बवाल चलता रहा। इसके अलावा बिहार के अररिया, मुंगेर और पटना में भी पुलिस पर हमले हो चुके हैं।

First published on: Mar 17, 2025 10:01 PM

End of Article

About the Author

Avinash Tiwari

अविनाश तिवारी News24 डिजिटल में बतौर सब एडिटर जुड़े हैं। पिछले 4 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। अविनाश रियल टाइम न्यूज और सोशल मीडिया पर चल रहे मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं। इन्हें वे तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। News24 से पहले जनसत्ता (Indian Express Group) के साथ काम कर रहे थे। इससे पहले कंटेंट राइटर के तौर पर अन्य संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। अविनाश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के रहने वाले हैं। उन्हें अपने गांव में समय व्यतीत करना पसंद है। अविनाश से संपर्क करने के लिए avinash.tiwari@bagconvergence.in मेल करें।

Read More
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola