MLC चुनाव से पहले अनंत सिंह ने JDU उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा, नहीं करेंगे सपोर्ट

Bihar News: बिहार में जेडीयू के एमएलए ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ जैसे जंग छेड़ दी हो, उन्होंने एमएलसी चुनाव में अपने दल के उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करने का ऐलान कर दिया है. वो अनुज कुमार सिंह को सपोर्ट करने की बात कर रहे हैं. ऐसे में यहां सियासी हचलच तेज हो गई है.

Anant Singh PTI

अनंत सिंह (Photo-PTI)

Anant Singh: मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट पर होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर विरोध का ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि वह नीरज कुमार के बजाय अपने समर्थित उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह का समर्थन करेंगे और उन्हें जिताने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे.

विज्ञापन

पार्टी से नाराजगी पर क्या बोले अनंत सिंह?

जेडीयू की ओर से आयोजित ओरिएंटेशन मीटिंग में शामिल नहीं होने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि वो पार्टी से नाराज नहीं हैं. हालांकि, उन्होंने माना कि कुछ मामलों को लेकर उन्हें ‘फ्रस्ट्रेशन’ हो सकती है, लेकिन इसे गुस्सा नहीं कहा जा सकता.

विज्ञापन

MLC चुनाव को लेकर उन्होंने साफ किया कि अनुज कुमार सिंह उनके उम्मीदवार हैं और वो उनका समर्थन करेंगे. साथ ही उन्होंने नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार करने की बात कही. अनंत सिंह का तर्क है कि विधान परिषद चुनाव पार्टी के चुनाव चिन्ह पर नहीं होता, इसलिए नीरज का विरोध करना पार्टी विरोधी गतिविधि नहीं है.

नीरज कुमार पर लगाए गंभीर आरोप

मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार ने पिछले 4 विधानसभा चुनावों में उनका विरोध किया. उनके मुताबिक 2015 में भी नीरज के विरोध के कारण उन्हें निर्दलीय चुनाव लड़ना पड़ा था. उन्होंने दावा किया कि जब भी जेडीयू ने उन्हें टिकट दिया, नीरज कुमार ने उनके खिलाफ बयान दिए.

विज्ञापन

अनंत सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें एके-47 मामले में फंसाने के पीछे नीरज कुमार का रोल था. उन्होंने दावा किया कि नीरज ने उन्हें जेल भेजवाने की साजिश की. हालांकि ये सभी आरोप अनंत सिंह के हैं और इनकी पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने नीरज कुमार पर ललन सिंह के खिलाफ भी राजनीतिक विरोध करने का आरोप लगाया और कहा कि इस बार उन्हें चुनाव में हराने के लिए वो पूरी ताकत लगाएंगे.

नार्को टेस्ट की चुनौती

अनंत सिंह ने दोनों नेताओं का नार्को टेस्ट कराने की चुनौती भी दी. उन्होंने कहा कि अगर पार्टी चाहे तो उनका और नीरज कुमार का नार्को टेस्ट कराया जा सकता है, जिससे उनके आरोपों की सच्चाई सामने आ जाएगी. उन्होंने ये भी कहा कि नीरज कुमार को जितनी ताकत लगानी है लगा लें, लेकिन वो चुनाव नहीं जीत पाएंगे. अनंत सिंह ने दावा किया कि उनके खिलाफ उनका विरोध लंबे समय से जारी है और इसी वजह से वो इस बार उनका समर्थन नहीं करेंगे.

विज्ञापन

पहले से अनुज कुमार का सपोर्ट

अनंत सिंह इससे पहले पटना स्नातक सीट से अपने करीबी अनुज कुमार सिंह के समर्थन का ऐलान कर चुके हैं. बाढ़ के बेढना गांव में उन्होंने कहा था कि पटना एमएलसी स्नातक सीट के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से अनुज कुमार सिंह को समर्थन मिलेगा. दोनों नेताओं के बीच मतभेद खत्म कराने के लिए निशांत कुमार के नेतृत्व में जेडीयू की बैठक भी हुई थी. मीटिंग के बाद पार्टी की ओर से दावा किया गया था कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सुलह हो गई है. हालांकि, बाद में अनंत सिंह के ताजा बयान से साफ है कि दोनों के बीच मतभेद पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Shariqul Hoda

Shariqul Hoda

न्यूज़ 24 डिजिटल में शारिकुल होदा सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. मुख्य तौर पर वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरें लिखते हैं. शारिकुल ने 2008 में दूरदर्शन में बतौर इंटर्न अपनी शुरुआत की, इसके बाद वह दैनिक जागरण, टीवी टुडे नेटवर्क, जनसंदेश, श्री न्यूज़, भारत खबर, स्पोर्ट्सकीड़ा, WION और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने 3 लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव से लेकर देश की बड़ी घटनाओं को कवर किया है. अपने डेढ़ दशक के मीडिया करियर में शारिकुल ने देश की राजनीति, इंटरनेशनल डिप्लोमेसी, खेलकूद से जुड़ी घटनाओं की अच्छी समझ हासिल की है. कितने साल का तजुर्बा: 16 साल शिक्षा: शारिकुल ने बैंगलोर यूनिवर्सिटी (आचार्य इंस्टीट्यूट) से बीए जर्नलिज्म और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (एपीजे इंस्टीट्यूट) से मास्टर्स इन जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ