ट्रेन में आग की अफवाह से नीचे कूदे यात्री, दूसरी गाड़ी की चपेट में आने से 4 की मौत

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक दर्दनाक रेल हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई. खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद घबराए यात्री ट्रेन से उतर गए और दूसरी लाइन पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. रेलवे ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.

Morena Train Accident

Credit: News24

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में शनिवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया. आग लगने की अफवाह की वजह से ट्रेन में मची अफरा-तफरी के बीच चार यात्रियों की जान चली गई, जबकि कुछ बाकी यात्री घायल हो गए. घटना मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा से लगे रेलवे ट्रैक पर हेतमपुर और धौलपुर रेलवे स्टेशन के बीच हुई. जानकारी के मुताबिक, खजुराहो से उदयपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने की अफवाह फैल गई. अफवाह फैलते ही ट्रेन में सवार यात्रियों में घबराहट का माहौल बन गया. इसी दौरान किसी यात्री ने अलार्म चेन खींच दी, जिसकी वजह से ट्रेन बीच रास्ते में रुक गई.

विज्ञापन
विज्ञापन

कैसे हुई चार लोगों की मौत

बताया जा रहा है कि ट्रेन रुकते ही कई यात्री जल्दबाजी और डर की वजह से डिब्बों से नीचे उतर गए. कुछ यात्री रेलवे ट्रैक पार कर दूसरी लाइन की ओर चले गए. इसी समय आगरा से मुरैना की ओर तेज स्पीड से आ रही 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां पहुंच गई. चश्मदीदों के मुताबिक, दूसरी लाइन पर मौजूद कुछ यात्री पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ बाकी लोग घायल हुए हैं. शुरुआती जानकारी में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई थी, लेकिन फिलहाल चार मौतों की पुष्टि की गई है.

मामले की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. उत्तर मध्य रेलवे ने इस गंभीर हादसे को लेकर जांच के आदेश दे दिए हैं. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने की अफवाह को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है. हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना अनुमति ट्रेन से नीचे ना उतरें. अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन करने से इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सकता है.

विज्ञापन

(Input By: Karan Mishra)

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Varsha Sikri

Varsha Sikri

वर्षा सिकरी News24 हिंदी डिजिटल में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. जर्नलिज्म में 9 साल का अनुभव रखने वाली वर्षा सिकरी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. वर्षा सिकरी ने सितंबर 2017 में इंडिया टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद से उन्होंने रिपब्लिक टीवी, जी न्यूज, आज तक जैसे चैनलों में काम किया. फिलहाल वो News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 9 साल के करियर में वर्षा सिकरी ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. वर्षा सिकरी का पत्रकारिता में अनुभव: 9 साल योग्यता: NRAI स्कूल ऑफ मास कम्यूनिकेशन से ग्रेजुएशन करने के बाद वर्षा सिकरी ने मीडिया में अपने करियर की शुरुआत की. उन्होंने बतौर एंकर और रिपोर्टर भी काम किया है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ