News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
बिहार के राजगीर में आयोजित एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 चैंपियनशिप में भारतीय अंडर-20 महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। यह पहली बार है जब भारत ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी की और अपनी धरती पर अंडर-20 महिला टीम ने पदक जीतकर इतिहास रचा। इस उपलब्धि ने भारतीय रग्बी के लिए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
भारतीय महिला टीम ने पूल चरण में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में उनका सामना मजबूत चीन की टीम से हुआ, जहां कड़े मुकाबले के बाद भारत को 7-28 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद, तीसरे स्थान के लिए उज्बेकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा।
इसमें भूमिका ने पहला ट्राई करके स्कोर को 7-0 किया और फिर गुरिया कुमारी ने दूसरा ट्राई कर भारत की बढ़त को 12-0 तक पहुंचाया। उज्बेकिस्तान ने एक ट्राई के साथ वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति की मजबूती ने 12-5 से जीत पक्की कर दी। पूरे टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र हार उन दो टीमों चीन और हांगकांग चीन से हुई, जो फाइनल में पहुंचीं। मुख्य कोच कियानो फूरी के गाइडेंस में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों ने कौशल, धैर्य और शानदार टीमवर्क का प्रदर्शन किया और कांस्य पदक अपने नाम किया।
रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे भारतीय रग्बी के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अपने घरेलू दर्शकों के सामने कांस्य पदक जीतना एक बड़ी उपलब्धि है। भारतीय महिला टीम ने कठिन पूल में शानदार प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल तक पहुंचना अपने आप में गर्व की बात थी। इस जीत ने न केवल टीम के जज्बे को दिखाया, बल्कि यह अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
महिला वर्ग के फाइनल में चीन ने हांगकांग चीन को 29-21 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पुरुष वर्ग में हांगकांग चीन ने श्रीलंका को 33-0 से पराजित कर चैंपियनशिप जीती। पुरुष वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में मलेशिया ने चीन को 19-7 से हराया। पुरुष फाइनल में हांगकांग चीन ने श्रीलंका को 33-0 से हराया, पुरुष तीसरे स्थान के लिए मलेशिया ने चीन को 19-7 से हराया, महिला फाइनल में चीन ने हांगकांग चीन को 29-21 से हराया और महिला तीसरे स्थान के लिए भारत ने उज्बेकिस्तान को 12-5 से हराया।
न्यूज 24 पर पढ़ें स्पोर्ट्स, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।