नई दिल्ली. शुभमन गिल मौजूदा समय में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। 24 वर्षीय क्रिकेटर ने बहुत ही कम समय में इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ा नाम कमाया है। युवा गिल के चाहने वालों की एक लंबी फैन फॉलोइंग है। ये फैन गिल से संबंधित हर एक खबर जानना चाहता हैं। अगर आप भी भारतीय सलामी बल्लेबाज को पसंद करते हैं तो यह आर्टिकल आपके काम की है।
शुभमन गिल ने वर्ल्ड कप 2023 के बीच स्टार स्पोर्ट्स से खास बातचीत की है। इस बीच उन्होंने अपने पसंदीदा क्रिकेटर के बारे में बताया है। गिल का कहना है कि, ‘विराट भाई मौजूदा समय में मेरे फेवरेट क्रिकेटर हैं। वहीं जब मैं बड़ा हो रहा था तब मेरे आइडियल क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर थे।’
यही नहीं युवा बल्लेबाज ने अपने जर्सी नंबर के बारे में भी बातचीत की है। गिल का जर्सी नंबर 77 है. यह उन्हें कैसे मिला? इसके पीछे एक बेहद दिलचस्प कहानी है। गिल ने बात करते हुए बताया कि, ‘मैं अंडर-19 वर्ल्ड कप के दौरान 7 नंबर चाहता था, लेकिन यह उस दौरान उपलब्ध नहीं था। ऐसे में मैंने 77 का चुनाव किया।’
शुभमन गिल का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर:
बात करें शुभमन गिल के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के बारे में तो उन्होंने भारतीय टीम के लिए अबतक कुल 68 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस बीच उनके बल्ले से 83 पारियों में 3021 रन निकले हैं। गिल के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में नौ शतक, एक दोहरा शतक और 15 अर्धशतक दर्ज है।
भारतीय बल्लेबाज के बल्ले से 18 टेस्ट मैच की 33 पारियों में 32.2 की औसत से 966, वनडे की 39 पारियों में 61.24 की औसत से 2021 और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की 11 पारियों में 30.4 की औसत से 304 रन निकले हैं।