IPL 2024: हार्दिक पांड्या आईपीएल 2024 ऑक्शन से पहले ही मुंबई इंडियंस में शामिल हो गई। हालांकि, रविवार 26 नवंबर को जारी की गई रिटेंशन लिस्ट में हार्दिक गुजरात टाइटंस का हिस्सा थे। लेकिन सोमवार सुबह इस बात पर मुहर लग गई कि हार्दिक को मुंबई ने ट्रेड कर लिया है। अब इसके बाद हार्दिक ने पहले जहां सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था वहीं अब मुंबई इंडियंस ने उनका एक वीडियो इंटरव्यू जारी किया है। इसके अलावा गुजरात टाइटंस के डायरेक्टर विक्रम सोलंकी का भी बयान सामने आया है। इन सभी बातों के बाद इस पर से पर्दा हट गया है कि, आखिर हार्दिक ने क्यों गुजरात टाइटंस का साथ छोड़ा और मुंबई में वापसी की।
GT के डायरेक्टर ने बताया सच
गुजरात टाइटंस के डायरेक्टर विक्रम सोलंकी ने बताया कि,’हार्दिक पांड्या ने अपनी पहली आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस में जाने की इच्छा जताई। हम उनके इस फैसले का सम्मान करते हैं। उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।’ यानी हार्दिक अपनी मर्जी से मुंबई इंडियंस गए हैं इसके पीछे किसी भी तरह के संबंध बिगड़ने जैसी बात नहीं है जिसकी अटकलें लग रही थीं। हालांकि, यह सामने आया है कि मुंबई इंडियंस ने उनके लिए जो ट्रेड अमाउंट दिया है उसके अलावा भी उनको मोटा पैसा मिलेगा। इतना ही नहीं आने वाले समय में जब रोहित रिटायरमेंट लेंगे तब उनकी जगह हार्दिक लंबे समय तक टीम को बतौर कप्तान आगे ले जा सकते हैं। यही कारण है कि हार्दिक ने गुजरात का साथ छोड़ा।
क्या बोले हार्दिक पांड्या?
मुंबई में आने के बाद हार्दिक पांड्या का फ्रेंचाइजी ने एक वीडियो जारी किया। इसमें हार्दिक कहते नजर आ रहे हैं कि,’मैं वापस आ गया हूं …(सभी खिलाड़ियों का नाम) चलो शुरू करते हैं। जिस तरह मेरा सफर 2015 में मुंबई के साथ शुरू हुआ और जब मैं पीछे देखता हूं यह तकरीबन 10 साल का समय शानदार रहा। मुझे अब घर वापसी करके काफी अच्छा लग रहा है। मैं अपने घर, अपनी फैमिली में वापस आ गया हूं जहां से मैंने शुरू किया था। पलटन आपने मुझे पहले सपोर्ट किया था और मुझे पता है फिर से आप मुझे बैक करेंगे। हमने कई ऐतिहासिक यादें जुटाईं और फिर नई यादें बनाएंगे। मेरे हार्दिक स्वागत के लिए Thank You!’
हार्दिक का आईपीएल रिकॉर्ड
हार्दिक पांड्या ने आईपीएल में कुल 123 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 92 उन्होंने एमआई के लिए खेले और 31 गुजरात टाइटंस के लिए खेले। गुजरात को हार्दिक ने कप्तानी करते हुए 2022 में चैंपियन बनाया और 2023 में रनर अप बनाया। उन्होंने मुंबई के लिए 92 मैचों में 42 विकेट लिए और 1476 रन बनाए। जबकि गुजरात के लिए उन्होंने 31 मैचों में 11 विकेट लिए और 833 रन बनाए। वह लंबे समय तक मुंबई इंडियंस की ताकत बनकर रहे हैं। उन्होंने 2015, 2017, 2019 और 2020 में मुंबई के साथ चार टाइटल भी जीते हैं। अब एक बार फिर से दो सीजन के ब्रेक के बाद हार्दिक की अपनी पुरानी टीम में वापसी हो गई है।