Siddharth Sharma
Read More
---विज्ञापन---
Indian Women’s Kabaddi team in Asian Games 2023 Final: हांग्जो में चल रहे एशियाई खेलों में शुक्रवार को टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में नेपाल से बेहतर प्रदर्शन करने के बाद भारतीय महिला कबड्डी टीम ने देश के लिए कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया। रितु नेगी के कुशल नेतृत्व में भारत ने नेपाल को 61-17 के आसान अंतर से हराया। हाफ टाइम तक भारत 29-10 से अच्छी स्थिति में था। खेल दोबारा शुरू होने के बाद, भारतीयों ने फाइनल में पहुंचने के लिए अपनी शानदार क्षमता का प्रदर्शन किया।
भारतीय रेडर नौ बोनस अंक हासिल करने में सफल रहे और डिफेंडरों ने पांच को ऑलआउट किया। भारत स्वर्ण पदक मैच में शनिवार को ईरान या फिर चीनी ताईपे की टीम से भिड़ेगी। इन दोनों में से किसी एक टीम का चयन शुक्रवार को ही आयोजित किए जाने वाले सेमीफाइनल के माध्यम से किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने एक्स पर लिखा कि ‘भारतीय महिला कबड्डी टीम ने नेपाल के खिलाफ 61-17 के अविश्वसनीय स्कोर के साथ अपना दबदबा दिखाया और फाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया! इस जीत के साथ, भारत ने कम से कम एक रजत पदक पक्का कर लिया है। अब, हम पूरी तरह तैयार हैं।”
बाद में, शुक्रवार को पुरुष टीम फाइनल में जगह बनाने के लिए चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। मैच का आयोजन दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट टीम ने भी बांग्लादेश को सेमीफाइनल में मात दे दी थी। ऐसे में टीम ने एक मेडल पक्का कर लिया है। भारत की तरफ से ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा ने शानदार पारियां खेली थी।
न्यूज 24 पर पढ़ें स्पोर्ट्स, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।