Asian Games: टीम इंडिया ने 107 मेडल जीतकर रचा इतिहास, किस खेल में आए सबसे ज्यादा पदक; देखें पूरी लिस्ट
Edited By Sumit Kumar

Asian Games 2023, India Medal Tally
Edited By Sumit Kumar

Asian Games 2023, India Medal Tally
Asian Games 2023, India Medal Tally: भारतीय दल ने चीन के हांगझोऊ में आयोजित हुए 19वें एशियाई खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। 1951 से अब तक 72 साल में यह टीम इंडिया का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा है। इस बार भारत ने सिर्फ कुल मेडल नहीं बल्कि गोल्ड भी सबसे ज्यादा जीते हैं। इससे पहले 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में भारत ने 16 गोल्ड समेत 70 मेडल्स के साथ बेस्ट प्रदर्शन किया था। पर इस बार यह आंकड़ा काफी पीछे छूट चुका है और भारतीय दल ने 100 पार का नारा पूरा करते हुए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। इसी के साथ कुल पदकों के मामले में भी भारत मेडल टैली में चौथे स्थान पर रहा।
इस बार भारत ने 28 गोल्ड, 38 सिल्वर और 41 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। 7 अक्टूबर का दिन यानी आखिरी दिन भारत के लिए बेहतरीन रहा। इस दिन भारत ने एक नहीं, दो नहीं, तीन नहीं बल्कि छह गोल्ड मेडल जीते। साथ ही कुल मेडलों की संख्या आखिरी दिन 10 के पार रही। इस बार भारतीय एथलीट ने सबसे बढ़िया प्रदर्शन किया और शूटर्स ने सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल जीते। आइए अब जानते हैं कि किस खेल में भारतीय खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा मेडल्स अपने नाम किए।
भारत को इस साल एथलेटिक्स में यानी ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में सबसे ज्यादा 29 मेडल मिले। इसमें भारत ने 6 गोल्ड, 14 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल जीते। अगर गोल्ड के लिहाज से बात करें तो सबसे ज्यादा सात गोल्ड शूटिंग में आए। भारतीय शूटर्स ने इसके अलावा 9 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज भी जीते। आइए देखते हैं कि किन पांच खेलों में सबसे ज्यादा मेडल आए:-
एथलेटिक्स- 29
शूटिंग- 22
तीरंदाजी- 9
रेसलिंग- 6
बॉक्सिंग, स्क्वैश और रोइंग- 5
अगर 17वें एशियाई खेलों से 19वें एशियाई खेलों तक भारत के प्रदर्शन की बात करें तो मेडल की संख्या लगभग दो गुनी हो गई है। 2014 में भारत के खाते में 57 मेडल आए थे। पर 2023 में 107 मेडल आ गए। 2018 में भारत का इससे पहले बेस्ट प्रदर्शन था जहां 70 मेडल आए थे। 2014 में भारत के खाते में 11 और 2018 में 16 गोल्ड आए थे। 2023 में यह संख्या 28 तक पहुंच गई। अगर मेडल टैली की भी बात कर लें तो भारत ने 2014 और 2018 में 8वें स्थान पर समाप्त किया था। पर 2023 में भारत चौथे स्थान पर रहा। चीनी ताइपे भी भारत से इस बार काफी पीछे रहा।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: