Zimbabwe vs Australia 3rd ODI: ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज यानी 20 सितंबर को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है. सीरीज पहले ही 0-2 से गंवा चुकी जिम्बाब्वे की टीम अपने घरेलू मैदान पर आखिरी मुकाबले में जीत दर्ज कर अपनी लाज बचाने उतरी है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने 8 विकेट पर 271 रनों का स्कोर खड़ा किया है.
वहीं, इस मैच में जिम्बाब्वे की टीम की ओर से एक ऐतिहासिक वापसी देखने को मिली है. टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी लेग स्पिनर ग्रीम क्रेमर ने करीब 8 साल के लंबे अंतराल के बाद वनडे क्रिकेट में वापसी की है. क्रेमर ने एक दिन पहले ही अपना 40वां जन्मदिन मनाया और इसके अगले ही दिन जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका दिया.
ग्रीम क्रेमर को 8 साल बाद मिला मौका
40 साल के ग्रीम क्रेमर ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला 2018 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ खेला था. साल 2009 में वनडे डेब्यू करने वाले क्रेमर करीब 8 साल बाद ODI क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं. इस अनुभवी गेंदबाज ने जिम्बाब्वे के लिए अब तक 96 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 119 विकेट हासिल किए हैं. इसके अलावा, वह जिम्बाब्वे के लिए 19 टेस्ट और 36 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले भी खेल चुके हैं. वह जिम्बाब्वे की मौजूदा टीम में 40 की उम्र पार करने वाले चौथे खिलाड़ी हैं.
वहीं, क्रेमर की वापसी के साथ जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन में एक अनोखा रिकॉर्ड भी देखने को मिला है. टीम में 40 साल या उससे ज्यादा उम्र के चार खिलाड़ी एक साथ मैदान पर उतरे हैं. इनमें ब्रेंडन टेलर, क्रेग एर्विन, सिकंदर रजा और ग्रीम क्रेमर शामिल हैं. ऐसा पहली बार हुआ है जब एक वनडे मैच में किसी फुल मेंबर देश के 40 साल से ज्यादा की उम्र वाले चार खिलाड़ी खेल रहे हैं.
सिकंदर रजा, इनोसेंट कैया और क्रेग एर्विन ने जड़ा शानदार अर्धशतक
तीसरे वनडे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 271 रन बनाए. जिम्बाब्वे की ओर से कप्तान सिकंदर रजा, इनोसेंट कैया और क्रेग एर्विन ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली. रजा ने 72 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के के साथ नाबाद 81 रनों की पारी खेली. वहीं, इनोसेंट ने 66 गेंदों पर 55 रन बनाए, जबकि एर्विन ने 79 गेंदों पर 59 रनों की पारी खेली.
इसी के साथ 40 वर्षीय एर्विन वनडे में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए, जबकि स्पेंसर जोनसन और एडम जैम्पा ने 2-2 विकेट झटके. बता दें कि, यह मुकाबला जिम्बाब्वे के लिए 2026 में घरेलू मैदान पर आखिरी इंटरनेशनल मैच भी है. इसके बाद टीम यूएई में अफगानिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ ट्राई सीरीज खेलेगी. इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैच होंगे.