'बॉलिंग मशीन ही लगा दो…' 250 चेज होने पर भड़के युजवेंद्र चहल, सपाट पिचों की जमकर की आलोचना

Yuzvendra Chahal: रांची में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ 250 रनों का बड़ा लक्ष्य 18.3 ओवर में ही हासिल कर मुकाबला जीत लिया. इस हाई स्कोरिंग मैच के बाद भारतीय अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने सपाट पिचों की कड़ी आलोचना की. चहल ने यहां तक कह दिया कि अगर ऐसी ही पिचें बनानी हैं, तो गेंदबाजों की जगह बॉलिंग मशीन ही लगा दो.

Yuzvendra Chahal

सपाट पिच पर गेंदबाजों की हालत देख भड़के युजवेंद्र चहल (PIC Credit - ANI)

Yuzvendra Chahal: भारत और वेस्टइंडीज के बीच रांची में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में रनों की बरसात देखने को मिली. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 249 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. 250 रनों के बड़े लक्ष्य को देखकर लग रहा था कि भारत की जीत पक्की है, लेकिन वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से पूरा मैच पलट दिया. होप ने 45 गेंदों पर नाबाद 102 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. उनके अलावा, शेरफेन रदरफोर्ड ने 37 गेंदों पर 84 रन ठोक डाले.

विज्ञापन

होप और रदरफोर्ड की पारियों के दम पर वेस्टइंडीज ने 250 रनों का लक्ष्य 18.3 ओवर में ही हासिल कर लिया. इस हाई स्कोरिंग मुकाबले के बाद टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे पर फिर से बहस शुरू हो गई है. भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने सपाट पिचों पर गेंदबाजों की मुश्किलों को लेकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि अगर ऐसी ही पिचें बनानी हैं, तो गेंदबाजों की जगह बॉलिंग मशीन ही लगा देनी चाहिए.

विज्ञापन

सपाट पिच पर गेंदबाजों की हालत देख भड़के युजवेंद्र चहल

लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे युजवेंद्र चहल वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में स्टार स्पोर्ट्स के लिए कमेंट्री कर रहे हैं. इसी दौरान चहल ने आधुनिक क्रिकेट में बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे और गेंदबाजों के सामने आने वाली चुनौतियों पर अपनी राय रखी. चहल ने कहा, “ऐसी विकेटों पर गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं बचता. जब गेंद पुरानी हो जाती है, ओस पड़ती है, गेंद बल्ले पर आसानी से आती है और मैदान छोटे होते जा रहे हैं.”

उन्होंने आईपीएल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी 260 रन जैसे बड़े लक्ष्य 19 ओवर में हासिल किए जा चुके हैं. वेस्टइंडीज ने भी भारत के खिलाफ 250 रन का लक्ष्य महज 18.3 ओवर में पूरा कर लिया. भारतीय स्पिनर ने सवाल उठाया कि जब बल्लेबाजों को इस तरह की परिस्थितियों में लगातार फायदा मिलता है, तो गेंदबाज अपनी स्किल का इस्तेमाल कैसे कर पाएंगे?

विज्ञापन

‘बॉलिंग मशीन ही लगा देनी चाहिए’

चहल ने आगे कहा कि, “एक गेंदबाज होने के नाते मुझे ऐसे हालात में गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ियों के लिए बुरा लगता है. जब मैं आईपीएल में छोटे मैदानों पर सपाट विकेटों पर गेंदबाजी करता हूं, तो आपके पास एक इम्पैक्ट प्लेयर भी होता है.” उन्होंने कहा, “पहले जब इम्पैक्ट प्लेयर नियन नहीं था, तब पावरप्ले में 50 रन बनना भी सामान्य माना जाता था और 170-180 रन का स्कोर चुनौतीपूर्ण होता था. लेकिन अब शुरुआती 6 ओवर में ही 70-80 रन बन जाते हैं, जिससे मुकाबले का रुख काफी हद तक बदल जाता है.”

चहल ने आगे जोर देते हुए कहा कि पिचों पर गेंदबाजों के लिए भी कुछ मदद होनी चाहिए, ताकि मुकाबला दोनों पक्षों के बीच संतुलित रहे. अगर ऐसा नहीं होता है, तो गेंदबाजों के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती जाएंगी. इसी संदर्भ में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, “अगर पिचों पर गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं रखना है, तो फिर बॉलिंग मशीन ही लगा देनी चाहिए.”

विज्ञापन

ये भी पढ़ें- ‘सिर्फ ओपनर्स की जगह पक्की है…’ रांची में निराशाजनक हार के बाद गौतम गंभीर ने दिया बड़ा बयान

रोस्टन चेज को छोड़ बाकी गेंदबाजों की जमकर हुई पिटाई

भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में गेंदबाजों के लिए मुश्किल परिस्थितियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों टीमों ने मिलाकर कुल 13 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और लगभग सभी की जमकर पिटाई हुई. सिर्फ रोस्टन चेज एकमात्र ऐसे गेंदबाज रहे, जिनका इकॉनमी रेट 11 रन प्रति ओवर से कम रहा. चेज ने अपने 4 ओवर के स्पेल में महज 24 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. विकेट गिरने के बाद नए बल्लेबाजों ने भी उनके सामने संभलकर बल्लेबाजी की, जिसका फायदा चेज को मिला. उनके अलावा बाकी सभी 12 गेंदबाजों का इकॉनमी रेट 11 रन प्रति ओवर से ज्यादा रहा.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Sanjeet

Sanjeet

संजीत कुमार News24 Hindi में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे है. संजीत ने अपने करियर की शुरुआत अगस्त 2020 में की थी. वह मुख्य रूप से क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेलों में रुचि रखते हैं और खबरें लिखते हैं. संजीत अब तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप से लेकर ओलंपिक तक कई बड़े टूर्नामेंट्स कवर कर चुके हैं. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, आईपीएल, प्रो कबड्डी लीग कवर किया है. कितने साल का अनुभव: 4 साल डिग्री: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री प्राप्त की है. इसके अलावा, उन्होंने मगध यूनिवर्सिटी, बोधगया से फिजिक्स ऑनर्स से B.Sc किया है. विशेषज्ञता: क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेल पिछला अनुभव: संजीत ने अपने करियर की शुरुआत Prabhat Khabar के साथ अगस्त 2020 में की थी, जहां उन्होंने 1 साल काम किया. प्रभात खबर में रहते हुए उन्होंने राइटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की. उसके बाद उन्होंने SportzWiki हिंदी में एक साल से अधिक समय तक काम किया. जनवरी 2025 से वह न्यूज24 हिंदी के साथ सब एडिटर के रूप में जुड़े हुए हैं.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ