Roman Reigns: WWE Survivor Series 2025 का आयोजन 29 नवंबर को होने वाला है. फैंस की नजरें वहां पर होने वाले मेंस वॉरगेम्स मैच पर हैं. सीएम पंक की टीम का मुकाबला पॉल हेमन के द विज़न ग्रुप से होगा. बड़ी बात यह है कि पंक की टीम के चौथे सदस्य का नाम सामने आ गया है. इसके साथ ही अब अगले हफ्ते मेडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले Raw में रोमन रेंस की वापसी के लिए स्टेज सेट कर दिया गया है.
WWE SmackDown में हुआ बड़ा ऐलान
सीएम पंक की टीम में उनके अलावा जे उसो और कोडी रोड्स हैं. इस हफ्ते बॉस्टन में हुए Raw में कोडी ने पंक और उसो का साथ द विज़न ग्रुप के खिलाफ दिया था. SmackDown में इस हफ्ते जे उसो का मैच Last Time is Now टूर्नामेंट के तहत द मिज़ के साथ हुआ. जे ने मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर अगले राउंड में प्रवेश किया. मुकाबले के ठीक बाद जे की बैकस्टेज कोडी से मुलाकात हुई. कोडी ने जे को जीत के लिए बधाई दी.
जे और कोडी की बातचीत के बाद अचानक वहां पर जिमी उसो आए. जिमी ने कहा कि वह कोडी का ब्रॉन्सन रीड के खिलाफ मैच में साथ देंगे. बात खत्म करने से पहले जिमी उसो ने कहा कि उन्होंने सीएम पंक से बात की है और वह वॉरगेम्स मैच में शामिल हैं. उसो ने कहा कि वह पंक की टीम के चौथ सदस्य होंगे. जिमी की बात सुनकर कोडी के चेहरे पर हल्की मुस्कान आ गई. रिपोर्ट में पहले ही कहा जा रहा था कि जिमी वॉरगेम्स मैच में जरूर शामिल होंगे. अब अगले हफ्ते अपने भाइयों द उसोज़ का साथ देने के लिए रेंस की वापसी भी लगभग पक्की लग रही है. पंक की टीम के पांचवें सदस्य संभावित तौर पर रेंस ही होने वाले हैं.
मेन इवेंट में बेबीफेस टीम का हाल हुआ खराब
SmackDown के मेन इवेंट में कोडी रोड्स और द उसोज़ का हाल खराब हुआ. द विज़न ग्रुप के ब्रॉन ब्रेकर, ब्रॉन्सन रीड और लोगन पॉल ने तीनों पर हमला किया. इतना ही नहीं ड्रू मैकइंटायर ने भी अचानक आकर सभी को चौंका दिया है. उन्होंने विज़न को ज्वाइन कर लिया है. वॉरगेम्स मैच में उनका भी जलवा देखने को मिलने वाला है. पॉल हेमन ने बड़ी चाल चलकर मैकइंटायर को अपने साथ शामिल किया.