कौन है 6 फीट 4 इंच का यह गेंदबाज, जिसने बेंगलुरु में मचाया हाहाकार, भारतीय बैटिंग ऑर्डर को किया तबाह

न्यूजीलैंड का छह फीट चार इंज का तेज गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटा। 23 साल के युवा बॉलर ने विराट कोहली, केएल राहुल जैसे दिग्गज बल्लेबाज को बिना खाता खोले पवेलियन की राह दिखाई।

Untitled design (79)

William ORourke

Who is William ORourke: बेंगलुरु में टीम इंडिया का बैटिंग ऑर्डर तमाशा बनकर रह गया। न्यूजीलैंड के दो तेज गेंदबाजों ने दिग्गज खिलाड़ियों से सजे भारतीय लाइनअप को सिर्फ 46 रन पर ढेर कर दिया। भारत के पांच बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, तो सिर्फ दो ही बैटर दहाई का आंकड़ा पार कर सके। मैट हेनरी के साथ मिलकर छह फीट चार इंच के गेंदबाज ने टीम इंडिया के बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस कर डाला। विलियम ओरूर्के ने विराट कोहली, केएल राहुल जैसे बल्लेबाजों को खाता खोलने तक का मौका नहीं दिया। यशस्वी ने भी कीवी टीम के इस नए खूंखार गेंदबाज के आगे घुटने टेक दिए।

कौन है कीवी टीम का नया खूंखार गेंदबाज?

बेंगलुरु टेस्ट की पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे विलियम ओरूर्के ने इसी साल साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा था। 23 साल के बॉलर ने साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों का भी यही हाल किया था। ओरूर्के ने डेब्यू मैच में प्रोटियाज टीम के 9 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई थी और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया था।

विलियम न्यूजीलैंड की ओर से अब तक कुल 4 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और उनके नाम कुल 19 विकेट दर्ज हैं। एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा यह तेज गेंदबाज अब तक दो बार कर चुका है। तीन वनडे में भी ओरूर्के ने 5 विकेट निकाले हैं।

भारतीय बैटिंग ऑर्डर को किया तहस-नहस

विलियम ओरूर्के बेंगलुरु टेस्ट की पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे। विलियम ने अपना पहला शिकार विराट कोहली को बनाया। रफ्तार के साथ अंदर आती हुई गेंद को कोहली ने नीचे रखने का प्रयास किया, लेकिन वह लेग स्लीप में आसान सा कैच देकर चलते बने। कोहली के डक पर आउट होने के बाद ओरूर्के ने केएल राहुल को भी चलता किया। न्यूजीलैंड के फास्ट बॉलर ने यशस्वी जायसवाल को भी 13 रन के स्कोर पर एजाज पटेल के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। ओरूर्के ने अपने 12 ओवर के स्पेल में 22 रन खर्च करते हुए चार विकेट झटके। विलियम को दूसरे छोर से मैट हेनरी का भी अच्छा साथ मिला और उन्होंने भारत के पांच बल्लेबाजों को चलता किया।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ