Virat Kohli ICC ODI Rankings: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को आईसीसी द्वारा जारी वनडे रैंकिंग में जबरदस्त फायदा हुआ है, जहां वो मौजूदा चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद एक पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस रैंकिंग में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को दो पायदान का नुकसान हुआ है। विराट इस इवेंट से पहले वनडे रैंकिंग में छठे स्थान पर थे, लेकिन उन्हें अब शानदार प्रदर्शन का अवॉर्ड मिला है।
विराट ने पाकिस्तान के खिलाफ जड़ा शतक
कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ कम स्कोर से शुरुआत की थी, लेकिन अगले ही मैच में उन्होंने पसंदीदा प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शतक के साथ अपनी लय हासिल की। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उनका स्कोर कम रहा, लेकिन सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस अनुभवी बल्लेबाज ने 84 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उन्हें इस पारी की वजह से मैच का बेस्ट खिलाड़ी भी चुना गया।
रोहित की रैंकिंग में गिरावट
टूर्नामेंट की शुरुआत में रोहित वनडे रैंकिंग में तीसरे स्थान पर थे। हालांकि वो इसका फायदा उठाने में असफल रहे। लगातार कम स्कोर की वजह से भारत के इस दिग्गज खिलाड़ी को 745 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दो स्थान का नुकसान हुआ है और वे 5वें स्थान पर खिसक गए हैं। रोहित ने चैम्पियंस ट्रॉफी में अपनी टीम के लिए सभी मैचों में ओपनिंग की। रोहित टीम को तेज शुरुआत तो देने में सफल रहे, लेकिन अपनी पारी को बड़े स्कोर में तब्दील करने में असफल रहे और यही वजह है कि उनकी रैंकिंग में भारी गिरावट देखने को मिली है।