---विज्ञापन---

दलीप ट्रॉफी के फाइनल में नहीं खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी समेत ये 3 स्टार खिलाड़ी? कोच गौतम गंभीर करेंगे अंतिम फैसला

Duleep Trophy 2026 का फाइनल मुकाबला ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच 6 सितंबर से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. हालांकि, स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस खिताबी मुकाबले से बाहर हो सकते हैं. उनके अलावा, ईशान किशन और तिलक वर्मा के खेलने पर भी संशय बना हुआ है.

---विज्ञापन---

Duleep Trophy 2026 Final, Vaibhav Sooryavanshi: टीम इंडिया के युवा तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस समय प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट दलीप ट्रॉफी में हिस्सा ले रहे हैं. 15 साल के वैभव ने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम ईस्ट जोन को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने सेमीफाइनल की पहली पारी में शानदार 92 रन और दूसरी पारी में 40 रन बनाए थे.

अब फैंस को 6 सितंबर से शुरू हो रहे दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले का इंतजार है, जहां वैभव एक बार फिर अपने बल्ले से धमाकेदार पारी खेलकर खिताब दिलाना चाहेंगे. लेकिन खबर सामने आई है कि वैभव इस खिताबी मुकाबले से बाहर हो सकते हैं. सिर्फ वैभव नहीं, उनके अलावा दो और भारतीय खिलाड़ियों के फाइनल में खेलने पर भी सस्पेंस बना हुआ है.

---विज्ञापन---

दलीप ट्रॉफी के फाइनल में नहीं खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी समेत 3 स्टर खिलाड़ी?

दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार, 6 सितंबर से 10 सितंबर तक चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. इस खिताबी मुकाबले में ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन का सामना तिलक वर्मा की अगुवाई वाली साउथ जोन टीम से होगा. वैभव सूर्यवंशी ईस्ट जोन की टीम का हिस्सा हैं, जो टीम के स्टार ओपनर के साथ-साथ उपकप्तान भी हैं. लेकिन वैभव फाइनल में खेलते नजर नहीं भी आ सकते हैं. उनके साथ-साथ ईशान किशन और तिलक वर्मा भी इस खिताबी मुकाबले बाहर हो सकते हैं.

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और तिलक वर्मा के दलीप ट्रॉफी के फाइनल में हिस्सा लेने पर अंतिम फैसला टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर करेंगे.

---विज्ञापन---

फाइनल में क्यों नहीं खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी?

दरअसल, दलीप ट्रॉफी का फाइनल 6 सितंबर से 10 सितंबर तक चेन्नई में खेला जाएगा, जबकि 13 सितंबर से 17 सितंबर तक भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जानी है. ये तीनों खिलाड़ी भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं. ऐसे में फाइनल के खत्म होने और टी20 सीरीज के शुरू होने के बीच ज्यादा समय नहीं है. जानकारी के मुताबिक, टीम इंडिया 9 या 10 सितंबर को टी20 सीरीज से पहले दिल्ली पहुंच जाएगी. ऐसे में इन तीनों खिलाड़ियों के फाइनल में खेलने पर अंतिम फैसला गंभीर ही लेंगे.

पीटीआई को एक सूत्र ने बताया, “भारतीय टीम 9 या 10 सितंबर को दिल्ली पहुंचेगी. अगर हेड कोच चाहते हैं कि तीनों खिलाड़ी टी20 टीम के शेड्यूल के अनुसार रिपोर्ट करें, तो वे तीनों नहीं खेल सकते.” सूत्र ने आगे यह भी कहा कि, “लेकिन अगर मुख्य कोच चाहते हैं कि वे फाइनल खेलें और 10 सितंबर की देर शाम दिल्ली पहुंचें, तो वे ऐसा भी कर सकते हैं.” ऐसे में तीनों खिलाड़ी 10 सितंबर की देर शाम दिल्ली में टीम इंडिया से जुड़ सकते हैं.

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के भविष्य पर BCCI ने दिया बड़ा बयान, सचिन तेंदुलकर जैसा करियर बनाने की तैयारी

फाइनल से पहले साउथ जोन को मिली बड़ी राहत

ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी के बाहर होने से ईस्ट जोन को बड़ा झटका लगेगा. लेकिन तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी से साउथ जोन की टीम को ज्यादा परेशानी नहीं होगी, क्योंकि देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल और मोहम्मद सिराज को फाइनल में खेलने के लिए कहा गया है. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, जो प्लेयर्स इस वक्त खाली हैं, वो दलीप ट्रॉफी के फाइनल में उतर सकते हैं. राहुल, सिराज और पडिक्कल अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं.

राहुल और सिराज को 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली ODI सीरीज में ही उतरना है, जबकि पडिक्कल ODI टीम का भी हिस्सा नहीं हैं. उन्हें बाद में इंडिया-ए सीरीज में भी आजमाया जा सकता है. इन तीनों खिलाड़ियों ने आखिरी बार 27 अगस्त को कोई प्रतिस्पर्धी मैच खेला था. ऐसे में इन खिलाड़ियों के पास फाइनल में लय हासिल करने का अच्छा मौका होगा.

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें- Women’s Asia Cup 2026: लगातार दो जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी भारत, पाकिस्तान से होगा अगला मुकाबला

First published on: Sep 04, 2026 08:00 AM

End of Article

About the Author

Sanjeet

संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. क्रिकेट, हाॅकी और फुटबॉल जैसे खेलों में रुचि रखते हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola