Usman Khawaja Explosive revelations about Sandpapergate: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के सबसे बड़े विवादों में से एक ‘सैंडपेपर कांड’ फिर से चर्चा में आ गया है. 2018 का साउथ अफ्रीका दौरा ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास के सबसे विवादित दौर में से एक रहा. केपटाउन में खेले गए बदनाम टेस्ट मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद के साथ छेड़छाड़ करते हुए पकड़ा गया था. इस घटना ने दुनिया भर में ऑस्ट्रेलियाई टीम की जमकर किरकिरी कराई थी.
इसके बाद स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर बैन लगा दिया गया था. उस समय माना गया था कि गेंद से छेड़छाड़ की साजिश में केवल कुछ खिलाड़ी शामिल थे और टीम के बाकी सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं थी. हालांकि, अब करीब 8 साल बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा में इस मामले को लेकर बड़ा चौंकाने वाला खुलासा किया है.
‘सैंडपेपर कांड’ पर उस्मान ख्वाजा का बड़ा खुलासा
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा अपनी आत्मकथा ‘सब्र’ को जल्दी प्रकाशित कराने वाले हैं, जिसमें उन्होंने सैंडपेपर कांड को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. इससे पहले ख्वाजा की आत्मकथा ‘सब्र’ के कुछ अंश सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड में प्रकाशित हुए हैं, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि सैंडपेपर कांड के बारे में सिर्फ कुछ खिलाड़ियों ही नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को पता था. उनके इस बयान ने उस समय टीम का हिस्सा रहे कई खिलाड़ियों के पुराने दावों पर सवाल खड़ा कर दिया है.
दरअसल, सैंडपेपर कांड मामले में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगाया गया था. वहीं, उस मुकाबले में खेलने वाले 4 गेंदबाजों पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने लगातार इस साजिश की जानकारी होने से इनकार किया था. साल 2021 में इन चारों गेंदबाजों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि मैदान पर गेंद से छेड़छाड़ के लिए कोई बाहरी चीज लाई गई थी.
सैंडपेपर कांड में हम सभी शामिल थे – ख्वाजा
इतना ही नहीं, उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में यह भी दावा किया है कि केपटाउन टेस्ट से पहले खेले गए टेस्ट मैच में भी सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ था. इस मामले में उन्होंने सिर्फ कुछ खिलाड़ियों नहीं, बल्कि पूरी टीम को जिम्मेदार ठहराया है. 39 वर्षीय ख्वाजा ने एक इंटरव्यू में सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड से कहा, “सैंडपेपर गेट में हम सभी शामिल थे. न बैट्समैन, न बॉलर, न स्टाफ, हम सब.” ख्वाजा के इस खुलासे ने एक बार फिर 2018 के सैंडपेपर कांड को चर्चा में ला दिया है और ऑस्ट्रेलियाई टीम के पुराने बयानों पर भी नई बहस छेड़ दी है.