News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
WTC Final 2025: 11 जून से लॉर्ड्स के मैदान पर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2025 का मुकाबला साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। पहले दिन और दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। हालांकि दोनों ही टीमें इस मैच में मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलिया 218 रनों की बढ़त बनाए हुए है। तीसरे दिन साउथ अफ्रीका ऑस्ट्रेलिया को 2 बड़े झटके देकर अपने लिए कम से कम टारगेट सेट करना चाहेगी। हालांकि WTC फाइनल के बाद 2 ऐसे दिग्गज खिलाड़ी हैं, जो संन्यास का ऐलान कर सकते हैं।
हम यहां बात ऑस्ट्रेलिया के दो दिग्गज खिलाड़ी स्टीव स्मिथ और नाथन लायन की कर रहे हैं, जो WTC फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि दोनों खिलाड़ी अपने टेस्ट करियर पर विराम लगा सकते हैं। स्मिथ ने इस साल ही वनडे और टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास का ऐलान कर दिया था। अब वह केवल टेस्ट में ही कंगारु टीम की ओर से खेल रहे हैं। वहीं लायन की बात करें तो उनकी उम्र 37 साल की हो गई है। ऐसे में दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के लिए WTC जीतकर अपनी टेस्ट पारी पर विराम लगा सकते हैं।
पहली पारी में स्मिथ ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 92 गेंदों में 72 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि दूसरी पारी में दिग्गज बल्लेबाज का बल्ला नहीं चल सका। वह महज 25 गेंदों में 13 रन बनाकर चलते बने। लायन की भी फिरकी पहली पारी में काम नहीं आई। उन्होंने 8 ओवर में 12 रन खर्च किए, लेकिन एक भी विकेट नहीं चटका सके। मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 56.4 ओवर में 212 रन बनाए थे, जिसके जवाब में साउथ अफ्रीका 57.1 ओवर में 138 रनों पर सिमट गई। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में 40 ओवर के बाद 144/8 रन बनाकर खेल रही है।
न्यूज 24 पर पढ़ें खेल, राष्ट्रीय समाचार (National News), मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।