RCB Can Win WPL 2024 Trophy: वुमेंस प्रीमियर लीग 2024 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। दिल्ली ने लीग मुकाबलों में टॉप पर समाप्त किया है और सीधा फाइनल में जगह बना ली है। जबकि 15 मार्च को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच एलिमिनेटर का मैच खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पास खिताब जीतने का सुनहार मौका होगा, लेकिन उसके लिए आरसीबी को एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस और फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को मात देनी होगी। आईपीएल में आरसीबी के फैंस 16 साल से खिताब का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन वह अभी तक खिताब नहीं जीत पाई है। वहीं डब्ल्यूपीएल 2024 में समृति मंधाना के पास खिताब जीतने का बेहतरीन अवसर है।
16 साल का इंतजार होगा खत्म
आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 2008 से हिस्सा है। वहीं इस टीम ने 3 बार आईपीएल का फाइनल भी खेला है, लेकिन वह खिताब नहीं जीत पाई है। आरसीबी के फैंस काफी लंबे समय से खिताब का इंतजार भी कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें मायूसी हाथ लगती है। अब स्मृति मंधाना के पास मौका होगा कि वह इसबार आरसीबी फैंस की इस उम्मीद पर खरी उतरें और उन्हें डब्लयूपीएल में खिताब जिताए। पर आरसीबी के पास मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स को हराने की सबसे बड़ी चुनौती रहने वाली है।
आरसीबी का मुंबई इंडियंस के खिलाफ रिकॉर्ड
डब्ल्यूपीएल 2024 के लीग मैचों में आरसीबी और मुंबई इंडियंस के बीच दो बार भिड़ंत देखने को मिली है, जिसमें मुकाबला बराबरी पर खड़ा है। इस सीजन पहले मैच में मुंबई ने आरसीबी को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 7 विकेट से हराया था। वहीं दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मंधाना की आर्मी ने दमदार वापसी की और मुंबई को 7 विकेट से पटखनी दी। दिल्ली में खेले गए मुकाबले में आरसीबी की सीनियर ऑलराउंडर एलिस पेरी ने गेंदबजी से गदर मचा दिया था और मुंबई के खिलाफ रिकॉर्ड 6 विकेट हासिल किए थे।
पेरी के सामने मुंबई इंडियंस का कोई बल्लेबाज टिक तक नहीं पाया था। पेरी ने 4 ओवर के स्पैल में 15 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे और मुंबई की कमरतोड़ कर रख दी थी। इसके बाद पेरी ने बल्लेबाजी में भी लाजवाब प्रदर्शन किया था। पेरी ने 38 गेंदों पर 40 रन बनाए थे। अब आरसीबी के फैंस उनसे एक बार फिर मुंबई के खिलाफ उसी प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे होंगे।
मुंबई को हराना आसान नहीं
आरसीबी के लिए करो या मरो वाले मुकाबले में एलिस पेरी के दमदार प्रदर्शन के दम पर आरसीबी ने मैच अपने नाम किया और पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर लीग मैच खत्म किए। वहीं पॉइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस की 8 मैचों में 5 जीतकर दूसरे स्थान पर रही थी। अगर आरसीबी को मुंबई इंडियंस को एलिमिनेटर में शिकस्त देनी है तो उसके लिए आरसीबी के टॉप ऑर्डर को जल्दी समेटना होगा। अगर बल्लेबाजी में यस्तिका भाटिया, हेले मैथ्यूज और हरमनप्रीत कौर में कोई एक भी बल्लेबाज आखिरी ओवर तक टिक जाता है तो वह आरसीबी की ट्रॉफी जीतने के सपने को चकनाचूर कर सकती हैं।