---विज्ञापन---

खेल angle-right

MI vs DC: फिर खुल गई रोहित शर्मा की पोल, पीछा नहीं छोड़ रही सबसे बड़ी कमजोरी, सस्ते में लौटे पवेलियन

Rohit Sharma MI vs DC: रोहित शर्मा की सबसे बड़ी कमजोरी एक बार फिर उजागर हो गई। हिटमैन सिर्फ 5 रन बनाकर चलते बने।

---विज्ञापन---

Rohit Sharma MI vs DC: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले जा रहे अहम मुकाबले में रोहित शर्मा सस्ते में पवेलियन लौट गए हैं। अपने ही होम ग्राउंड पर हिटमैन की पारी का अंत सिर्फ 5 गेंदों में हो गया। रोहित की सबसे बड़ी कमजोरी एक बार फिर उजागर हो गई। रोहित अपनी पारी के दौरान सिर्फ एक चौका लगा सके और मुस्ताफिजुर रहमान का शिकार बने। करो या मरो मुकाबले में मुंबई का टीम मैनेजमेंट रोहित से बड़ी पारी की उम्मीद कर रहा था, लेकिन पूर्व कप्तान महज 5 रन बनाकर चलते बने।

रोहित की कमजोरी हुई उजागर

रोहित शर्मा की बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के खिलाफ कमजोरी एक बार फिर उजागर हो गई। हिटमैन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में भी लेफ्ट आर्म पेसर मुस्ताफिजुर का शिकार बने। आईपीएल 2024 से लेकर अब तक पावरप्ले के अंदर रोहित 8 बार अपना विकेट गंवा चुके हैं। बाएं हाथ के फास्ट बॉलर के खिलाफ हिटमैन ने 95 गेंदों का सामना किया है। इस दौरान रोहित ने कुल 150 रन बनाए हैं और उनका बैटिंग औसत 18 का रहा है। आईपीएल 2025 में लेफ्ट आर्म पेसर के खिलाफ रोहित का हाल और भी बेहाल रहा है। 41 गेंदों में हिटमैन सिर्फ 60 रन ही बना सके हैं और उन्होंने चार बार अपना विकेट तोहफे के तौर पर दिया है।

---विज्ञापन---

दिल्ली-मुंबई के लिए जीत जरूरी

आईपीएल 2025 के 63वें मैच में दिल्ली का सामना मुंबई इंडियंस के साथ हो रहा है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिहाज से इस मैच में दोनों ही टीमों के लिए जीत बेहद जरूरी है। दिल्ली के अभी 12 मैचों में कुल 13 पॉइंट हैं। वहीं, मुंबई के इतने ही मुकाबले खेलने के बाद 14 अंक हैं। हालांकि, दिल्ली को अगर वानखेड़े के मैदान पर हार का सामना करना पड़ा, तो टीम के लिए अंतिम चार में पहुंचने के दरवाजे बंद हो जाएंगे। दूसरी ओर, मुंबई अगर दिल्ली से हारती है, लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज करने में सफल रहती है तो हार्दिक की सेना रेस में बनी रहेगी। हालांकि, मुंबई को फिर से यह उम्मीद करनी होगी कि पंजाब दिल्ली को हरा दे।

---विज्ञापन---
First published on: May 21, 2025 08:46 PM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola